संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मौजूदा क्षेत्रीय तनाव और युद्ध की स्थिति के बीच सोशल मीडिया पर गलत जानकारी साझा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने अफवाह और भ्रामक वीडियो फैलाने के आरोप में 17 भारतीयों सहित कई अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही भारतीय दूतावास ने भी अपने नागरिकों के लिए एक सख्त एडवाइजरी जारी की है ताकि वे वहां किसी भी कानूनी मुसीबत में पड़ने से बच सकें।

क्या है पूरा मामला और पुलिस की कार्रवाई?

UAE के अटॉर्नी-जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्सी ने 10 लोगों पर तत्काल मुकदमा चलाने का आदेश दिया है। इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके धमाकों और आग लगने के फर्जी वीडियो बनाए और सोशल मीडिया पर शेयर किए। पिछले 48 घंटों में ही अबू धाबी में संवेदनशील जगहों की वीडियोग्राफी करने पर 45 लोगों को और दुबई में हवा में मिसाइल रोकने के वीडियो शेयर करने पर 21 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में 17 भारतीय भी शामिल हैं जो साइबर नियमों का उल्लंघन करते पाए गए हैं।

जुर्माना, जेल और डिपोर्टेशन का नियम

UAE में अफवाह और साइबर अपराध रोकने के लिए साल 2021 का कानून लागू है। कानूनी जानकारों के अनुसार यह नियम सिर्फ वीडियो बनाने वालों पर नहीं, बल्कि उसे शेयर, रीपोस्ट या कमेंट करने वालों पर भी पूरी तरह लागू होता है। इसमें सजा के काफी कड़े प्रावधान रखे गए हैं:

  • जुर्माना: कम से कम 100,000 दिरहम (करीब 22.6 लाख रुपये) का जुर्माना लगेगा, जो अपराध के हिसाब से 500,000 दिरहम तक जा सकता है।
  • जेल की सजा: इसमें कम से कम एक साल की जेल है। युद्ध या आपदा के समय यह सजा कम से कम दो साल हो जाती है।
  • डिपोर्टेशन: विदेशी नागरिकों को सजा पूरी होने के बाद अनिवार्य रूप से उनके देश वापस भेज (Deport) दिया जाएगा।

भारतीय दूतावास की जरूरी अपील

अबू धाबी में मौजूद भारतीय दूतावास ने वहां काम कर रहे भारतीयों के लिए एक अहम संदेश जारी किया है। दूतावास ने स्पष्ट रूप से कहा है कि लोग किसी भी तरह के सैन्य मूवमेंट, एयरपोर्ट के अंदरूनी हिस्से या किसी भी हमले वाली जगह की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने से बचें। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सिर्फ WAM, MoI या NCEMA जैसी आधिकारिक सरकारी एजेंसियों की खबरों पर ही भरोसा करें। फिलहाल UAE में हालात पूरी तरह सामान्य हैं और जनजीवन बिना किसी परेशानी के चल रहा है।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.