सऊदी अरब की राजधानी रियाद के तकरीबन स्थित अल-फाओ क्षेत्र में एक बहुत पुराने शहर की खोज की गई है जिसकी उम्र 8 हजार से अधिक पुरानी है। इस शहर के सामने आने के बाद इसमें पुरातन सभ्यता की झलक देखने को मिली है। साथ ही उस दौर के सामाजिक जीवन और धार्मिक जीवन के बारें में जानने को मिला है।

खुदाई के वक्त  पुरातत्वविदों को तुवाईक पर्वतमाला की चोटी पर एक रॉक-कट मंदिर मिला है। इस मंदिर के अंदर धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़े अवशेष भी मिले हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि वहां रहने वाले लोग पूजा-पाठ की परंपरा निभाते थे। इसके अतिरिक्त इस क्षेत्र में कुल 2,807 कब्रें भी मिली हैं, जो अलग-अलग कालखंडों से जुड़ी हुई हैं।

अल-फाओ शहर को पहले किंडा साम्राज्य की राजधानी माना जाता था। यहां पर प्राप्त हुए धार्मिक शिलालेखों और मंदिरों की मूर्तियों से साबित होता है कि इस इलाके में लोग मूर्ति पूजा करते थे। सऊदी अरब की हेरिटेज कमीशन की निगरानी में एक अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की टीम ने यहां कई बरसों से चल रहे पुरातात्विक अध्ययन को अंजाम दिया है।

ऐतिहासिक खोज में यह भी सामने आया है कि उस दौर में यहां के लोग  बारिश के पानी को खेतों तक पहुंचाने के लिए नहरें, पानी की टंकियां और सैकड़ों गड्ढे बनाते थे। रेगिस्तान वाले इलाके में भी ये लोग खेती करने के लिए बहुत कड़ी मेहनत करते थे। खुदाई में उस दौर के मानव बस्तियों के अवशेष भी मिले हैं।

रॉक-कट मंदिर बहुत ही मजबूत पत्थरों से बनाया गया था। इसमें शानदार वास्तुकला और आस्था देखने को मिली है। मंदिर के पास मिले वेदियों के अवशेष से पता चलता है कि अल-फा क्षेत्र में प्राचीन लोग धार्मिक अनुष्ठान और पूजा करते थे।

 

Vandana Upadhyay

4 वर्ष तक देश के बड़े अखबारी प्रकाशनो में काम करने के उपरांत मैं अब GulfHindi में अपनी सेवा दे रही हूँ। उम्मीद हैं मेरी लेखनी आप सब को खबरों से सही और सटीक रूबरू कराएगी.