नेपाल में हिंसक प्रदर्शन जारी है पूरे देश का हाल बेहाल हो गया है। अब इसका असर बॉर्डर इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। हालातों को देखते हुए भारतीय सुरक्षाबलों ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा को बढ़ा दी है। मधुबनी से सटे नेपाल बॉर्डर पर एहतियात के तौर पर चौकसी को बढ़ा दिया गया है।
मधुबनी एसपी योगेन्द्र कुमार ने जयनगर थाना क्षेत्र के बेतोन्हा बॉर्डर पर बने चेक पोस्ट का दौरा किया। आपको बता दें कि मधुबनी जिला के जयनगर थाना क्षेत्र से महज तीन किलोमीटर दूर नेपाल के सिरहा जिले में प्रदर्शनकारियों ने उग्र प्रदर्शन किया था, जिसके बाद देर शाम एसपी योगेन्द्र कुमार ने बॉर्डर का जायजा लिया। एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया नेपाल में हिंसक प्रदर्शन को लेकर मधुबनी बॉर्डर इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
दरअसल, मधुबनी से नेपाल के चार जिलों की सीमाएं जुड़ी हुई हैं। नेपाल के बिगड़ते हालात को देखते हुए भारत और नेपाल की सीमा को फिलहाल बंद कर दिया गया है। ऐसे में हजारों भारतीय नेपाल में फंसे गए हैं। राजस्थान के करीब 4000 यात्री काठमांडू और आसपास के क्षेत्रों में फंसे हुए हैं। उधर, आंध्र प्रदेश के 187 लोग नेपाल में अटक गए हैं। नेपाल में भारतीयों के लिए भारतीय दूतावास (काठमांडू) और राज्य सरकार के हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिये हैं।
माना जा रहा है कि उपद्रवी लोग इस अशांति का फायदा उठाकर पड़ोसी भारतीय राज्यों में हिंसा भड़का सकते हैं। खुफिया सूत्रों ने अलर्ट किया है कि नेपाल के अशांत माहौल का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सीमावर्ती भारतीय राज्यों में हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस खुफिया जानकारी के बाद उत्तराखंड पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस, बिहार पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सहित भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार में 1,751 किलोमीटर लंबी खुली सीमा पर कानून-व्यवस्था के किसी भी संभावित उल्लंघन को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और सख्त कर दिया गया है।




