दुबई हमेशा से ही दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक माना जाता है। अब हाल ही में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक भारतीय प्रवासी महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। त्रिशा राज ने इंस्टाग्राम पर एक क्लिप साझा की, जिसमें वह रात 2:37 बजे अकेले सड़क पर टहलती हुई नजर आ रही हैं।
वीडियो में त्रिशा कहती हैं, “यह संभव सिर्फ दुबई में है। यहां लड़कियां देर रात भी पूरी तरह सुरक्षित हैं। हैबिबी, कम टू दुबई!”
रात में हमेशा बाहर जाने पर प्रतिबंध और डर
वीडियो के साथ त्रिशा ने कैप्शन में लिखा, भारत में पली-बढ़ी होने के नाते, रात में बाहर जाने पर हमेशा प्रतिबंध और डर महसूस होता था। लेकिन दुबई में हालात अलग हैं। “यहां मैंने पहली बार अकेले देर रात बिना किसी डर के, आत्मविश्वास और आज़ादी के साथ चलने का अनुभव किया।”
लोगों की प्रतिक्रियायें
इस वीडियो को 8 लाख से अधिक बार देखा गया और हजारों यूज़र्स ने कमेंट किए। एक यूज़र ने लिखा, “दुबई की यही वजह है कि यह हमें दूसरा घर लगता है, यहां की सुरक्षा बेमिसाल है।” एक अन्य ने कहा, “मेरे शहर में रात 10 बजे के बाद बाहर अकेले निकलना असंभव है। यह वाकई आंखें खोलने वाला है।”
कुछ ने दुबई की तुलना पश्चिमी देशों से करते हुए कहा कि कई बड़े शहरों में भी देर रात अकेले निकलना सुरक्षित नहीं है। एक महिला यूज़र ने लिखा, “यह सिर्फ सुरक्षा नहीं, बल्कि गरिमा की भी बात है। यहां हर समय महिलाओं को सम्मान मिलता है।”




