आज हम आपको दुनिया की सबसे ऊंची इमारत दुबई में स्थित बुर्ज खलीफा का डिजाइन बनाने वाले मोहम्मद अलब्बार की कहानी से रूबरू करवाने जा रहे हैं। एक साधारण से नाविक के बेटे ने कैसे दुबई की ऊंचाइयों को गढ़ा। मोहम्मद अलब्बार का जन्म साल 1956 में हुआ था। उनके पिता धो (पारंपरिक अरब नाव) के कप्तान थे, जो खाड़ी देशों में खजूर और मोती का व्यापार करते थे।
पिता से मिली अनुशासन और समय की सीख
अलब्बार ने बचपन में अपने पिता के साथ घाट पर काम करते हुए यही सीखा कि अनुशासन और समय ही कारोबार की असली कुंजी है। सरकार की छात्रवृत्ति पर वे अमेरिका के सिएटल यूनिवर्सिटी पहुंचे और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई की। वहां उन्होंने जाना कि संरचना, अनुशासन और दृष्टि किसी भी सपने को हकीकत में बदल सकते हैं। साल 1981 में जब वे दुबई लौटे, तब दुबई बदलाव के मुहाने पर था और अलब्बार सिर्फ एक डिग्री नहीं, बल्कि एक उद्देश्य लेकर लौटे थे।
इसके बाद उन्होंने यूएई सेंट्रल बैंक में काम शुरू किया और अर्थव्यवस्था को गहराई से समझा। फिर जल्द ही वे दुबई डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट के पहले डायरेक्टर जनरल बने। यहीं पर उनकी मुलाकात शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम से हुई। ये वहीं व्यक्ति थे जो दुबई को दुनिया का सबसे आधुनिक शहर बनाना चाहते थे। अलीब्बार ने उनके इस सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाई।
डाउनटाउन दुबई, दुबई मॉल, दुबई फाउंटेन और दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा बनाई
साल 1997 में अलीब्बार ने “ईमार प्रॉपर्टीज़” (Emaar Properties) नाम की कंपनी शुरू की। उस वक्त बहुत से ऐसे लोग भी थे जो यही सोचते थे कि दुबई का रियल एस्टेट सेक्टर आगे नहीं बढ़ेगा, लेकिन अलीब्बार ने सबको गलत साबित कर दिया। कुछ ही सालों में उन्होंने डाउनटाउन दुबई, दुबई मॉल, दुबई फाउंटेन और दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा बनाई।
बुर्ज खलीफा का डिज़ाइन हायमेनोकैलिस नाम के एक रेगिस्तानी फूल से प्रेरित
बुर्ज खलीफा का डिज़ाइन हायमेनोकैलिस (Hymenocallis) नाम के एक रेगिस्तानी फूल से प्रेरित है। आपको बता दें कि ये फूल कठिन परिस्थितियों में भी खिलता है, ठीक वैसे ही जैसे दुबई ने कठिन हालात में तरक्की की। आज ईमार प्रॉपर्टीज़ दुनिया की सबसे मूल्यवान रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है, जिसकी कीमत ₹4 लाख करोड़ से ज़्यादा है। फिर भी अलीब्बार अब भी अपने विनम्र शुरुआती दिनों को याद रखते हैं।
Noon.com नाम का ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म शुरू किया
अलीब्बार ने फिर एक नया कदम उठाया और साल 2016 में Noon.com नाम का ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म शुरू किया, जो Amazon जैसी कंपनियों को टक्कर देता है। शुरू में लोगों ने इसका मज़ाक उड़ाया, लेकिन अलीब्बार को चुनौतियाँ पसंद हैं और आज Noon मध्य-पूर्व की सबसे बड़ी ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स में से एक है।
समंदर में तूफान आता है तो नाविक पीछे नहीं हटता
उनकी राह आसान नहीं रही। भारत में ईमार के प्रोजेक्ट्स को देरी और कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, और एक बार ₹834 करोड़ की संपत्ति जब्त भी की गई। लेकिन अलीब्बार ने कभी हार नहीं मानी। वे अक्सर कहते हैं “जब समंदर में तूफान आता है, तो नाविक पीछे नहीं हटता।”
दुबई क्रीक टॉवर (Dubai Creek Tower) का करेंगे निर्माण
अब अलीब्बार दुबई क्रीक टॉवर (Dubai Creek Tower) बना रहे हैं, जो शायद बुर्ज खलीफा से भी ऊंचा होगा। अलीब्बार के लिए ऊंची इमारतें बनाना ही लक्ष्य नहीं है उनका असली उद्देश्य है यह साबित करना कि दृष्टि, मेहनत और हिम्मत से रेगिस्तान को भी सपनों की नगरी बनाया जा सकता है।




