Air India के विमान में वही तकनीकी खामी मिली जिससे 260 लोगों की जान गई थी, लंदन से आ रहा था भारत
Air India की लंदन से बेंगलुरु आ रही फ्लाइट AI-132 में एक गंभीर तकनीकी समस्या देखी गई है। यह वही समस्या है जिसका संबंध पिछले साल जून में हुए AI-171 विमान हादसे से था। इस घटना के बाद विमानन जगत में सुरक्षा को लेकर फिर से चर्चा शुरू हो गई है। राहत की बात यह रही कि पायलट की सूझबूझ से विमान सुरक्षित लैंड हो गया।
ℹ: पश्चिम बंगाल और झारखंड के बीच बिछेगी नई रेल लाइन, रेलवे ने सिउड़ी-नाला रूट के सर्वे को दी मंजूरी।
लंदन एयरपोर्ट पर इंजन स्टार्ट करते समय क्या हुआ था?
रिपोर्ट के मुताबिक, लंदन हीथ्रो (Heathrow) एयरपोर्ट पर जब पायलट विमान का इंजन स्टार्ट कर रहे थे, तो उन्हें फ्यूल कंट्रोल स्विच में दिक्कत महसूस हुई। यह स्विच इंजन को तेल की सप्लाई देता है। पायलट ने देखा कि स्विच ‘RUN’ पोजीशन में टिक नहीं रहा था और बार-बार फिसलकर ‘CUTOFF’ की तरफ जा रहा था।
पायलट ने दो बार कोशिश की लेकिन स्विच अपनी जगह पर लॉक नहीं हुआ। तीसरी कोशिश में स्विच सही तरह से लॉक हुआ। इसके बाद क्रू ने हाथ से छूकर इसकी जांच की और सुनिश्चित किया कि यह ठीक से बंद हो गया है। पायलट ने नियमों को देखते हुए उड़ान भरने का फैसला लिया, लेकिन पूरे रास्ते इंजन पर कड़ी नजर रखी गई। विमान 2 फरवरी को सुरक्षित बेंगलुरु पहुंच गया।
DGCA की जांच में क्या सामने आया?
विमान के लैंड होते ही Air India ने इसे जांच के लिए ग्राउंड कर दिया। DGCA के अधिकारियों ने 3 फरवरी को स्विच की जांच की। उन्होंने पाया कि अगर स्विच को दबाते समय हाथ का दबाव सही दिशा में नहीं हो, तो यह फिसल सकता है। इसे ‘एंगुलर बेस प्लेट’ की बनावट से जुड़ी समस्या बताया गया है।
Air India ने अब इस खराब स्विच को बनाने वाली कंपनी Honeywell के पास जांच के लिए भेज दिया है। यह जांच इसलिए भी जरूरी है क्योंकि जून 2025 में Air India की फ्लाइट AI-171 इसी तरह की फ्यूल स्विच समस्या के कारण क्रैश हो गई थी, जिसमें 260 लोगों की जान चली गई थी। उस समय भी स्विच के अचानक बंद हो जाने से इंजन को ईंधन मिलना बंद हो गया था।




