सऊदी अरब ने बनाई अपनी खुद की मिलिट्री गाड़ी, HEET नाम से दुनिया के सामने पेश की नई ताकत
रियाद में चल रहे वर्ल्ड डिफेंस शो 2026 के दौरान सऊदी अरब ने रक्षा क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया है। सऊदी अरेबियन मिलिट्री इंडस्ट्रीज (SAMI) ने ‘HEET’ नाम का एक नया बख्तरबंद वाहन प्रोग्राम पेश किया है। खास बात यह है कि इसे पूरी तरह से सऊदी अरब में ही डिजाइन किया गया है और इसका निर्माण भी किंगडम के भीतर ही होगा। इसे सऊदी अरब की सेना को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
ℹ: Khor Fakkan में पार्किंग का समय बदला, 16 फरवरी से अब रात 12 बजे तक लगेगी फीस।
कैसी हैं ये नई गाड़ियां
SAMI कंपनी ने जानकारी दी है कि इस प्रोग्राम के तहत सेना के लिए अलग-अलग तरह की गाड़ियां बनाई जाएंगी। इसमें 4×4, 6×6 और 8×8 पहियों वाले बख्तरबंद वाहन शामिल हैं। HEET 8×8 मॉडल में 105mm का बड़ा हथियार लगा है, जो भारी सुरक्षा अभियानों में काम आएगा।
इसके अलावा जो छोटा 4×4 मॉडल है, उसे खासतौर पर बॉर्डर की सुरक्षा और निगरानी के लिए तैयार किया गया है। इन गाड़ियों की बनावट ऐसी है कि इसमें बैठे ड्राइवर और कमांडर को सामने और साइड का नजारा साफ़ दिखाई देता है। कंपनी ने अभी इनकी कीमत के बारे में खुलासा नहीं किया है, लेकिन कहा जा रहा है कि यह विदेशी गाड़ियों के मुकाबले किफायती होंगी।
रियाद में ही बनेगी फैक्ट्री
इन बख्तरबंद वाहनों का उत्पादन रियाद में स्थित SAMI Land Industrial Complex में किया जाएगा। यह जगह 82,000 वर्ग मीटर में फैली है और इसे मिडिल ईस्ट की सबसे बड़ी जमीनी रक्षा फैक्ट्री माना जा रहा है। यहां लेटेस्ट टेक्नोलॉजी और मशीनों का इस्तेमाल करके गाड़ियां बनाई जाएंगी।
रिपोर्ट के मुताबिक इस फैक्ट्री में हर साल करीब 1,500 मिलिट्री गाड़ियां बनाने की क्षमता है। यह कदम सऊदी अरब के विजन 2030 का हिस्सा है, जिसका नियम है कि सेना पर खर्च होने वाला 50% पैसा देश के अंदर ही इस्तेमाल हो और सामान यहीं बने। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा और छोटे उद्योगों को काम करने का मौका दिया जाएगा।




