Dubai RTA का बड़ा फैसला, डिलीवरी बाइक अब 5 साल तक चलेंगी सड़कों पर, जानिए नई शर्त
दुबई की Roads and Transport Authority (RTA) ने डिलीवरी सेक्टर के लिए एक अहम घोषणा की है. अब दुबई में डिलीवरी मोटरसाइकिलों का रजिस्ट्रेशन एक साल और बढ़ाया जा सकेगा. पहले इन बाइकों की अधिकतम सीमा चार साल थी, जिसे अब बढ़ाकर पांच साल कर दिया गया है. यह फैसला डिलीवरी कंपनियों और राइडर्स के लिए राहत भरा हो सकता है, लेकिन इस छूट का लाभ उठाने के लिए गाड़ियों को एक खास तकनीकी जांच से गुजरना होगा. RTA का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि पुरानी बाइक भी सड़क पर चलने के लिए पूरी तरह सुरक्षित हों.
रजिस्ट्रेशन बढ़ाने के लिए क्या करना होगा
RTA ने साफ किया है कि यह पांचवें साल का एक्सटेंशन पूरी तरह से वैकल्पिक है. अगर कंपनियां चाहें तो चार साल बाद बाइक हटा सकती हैं या फिर नए मानकों के तहत रिन्यू करवा सकती हैं. रिन्यूअल के लिए बाइक का सुरक्षित होना बहुत जरूरी है. इसके लिए RTA ने नए इंस्पेक्शन स्टैंडर्ड्स लागू किए हैं. कंपनियों को अपने कॉर्पोरेट अकाउंट से वेबसाइट पर लॉग इन करके ‘Delivery Bikes Operational Life Extension’ सर्विस चुननी होगी. इसके बाद निर्धारित सेंटर्स पर जाकर बाइक की तकनीकी जांच करानी होगी, तभी रजिस्ट्रेशन आगे बढ़ेगा.
फीस और सुरक्षा को लेकर नियम
रिन्यूअल के दौरान सामान्य RTA फीस लगभग 350 से 380 AED (दिरहम) के बीच होती है, जबकि तकनीकी जांच का खर्च करीब 170 AED आता है. इसके साथ ही सुरक्षा को लेकर भी सख्ती बरती जा रही है. हाल ही में डिलीवरी राइडर्स के लिए लेन की पाबंदियां भी लगाई गई थीं और नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना तय किया गया था. नए नियमों का मकसद सड़कों पर हादसों को कम करना और डिलीवरी सर्विस को बेहतर बनाना है. रिन्यूअल के दौरान गाड़ियों पर नई नंबर प्लेट्स भी जारी की जा रही हैं ताकि उनकी पहचान आसानी से हो सके.




