Kuwait News: वीजा नियम तोड़ा तो सीधे घर वापसी, खैतान में पुलिस का छापा, 11 गिरफ्तार
कुवैत में रहने वाले भारतीय और अन्य प्रवासियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। फरवानिया गवर्नरने के खैतान (Khaitan) इलाके में पुलिस ने अचानक एक बड़ा चेकिंग अभियान चलाया है। इस सरप्राइज चेकिंग के दौरान रेजिडेंसी और लेबर कानूनों का उल्लंघन करने वाले 11 प्रवासियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए सभी लोगों को अब डिपोर्टेशन सेंटर भेज दिया गया है, जहां से उन्हें उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
🚨: मस्कट में अब कूड़ा फेंकना पड़ेगा भारी, आज से लागू हुए नए नियम, लगेगा 1000 ओमानी रियाल तक का जुर्माना।
किन गलतियों पर पुलिस कर रही है कार्रवाई?
खैतान में हुए इस ऑपरेशन की अगुवाई फरवानिया के सुरक्षा निदेशक ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अल-गसाब ने की। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में ज्यादातर वे थे जो अपने स्पॉन्सर से भागकर (Absconding) दूसरी जगह काम कर रहे थे। एक अजीब मामला भी सामने आया जहां एक फूड डिलीवरी करने वाला व्यक्ति पेंटर के कपड़े पहनकर काम कर रहा था ताकि पुलिस की नजर से बच सके, लेकिन चेकिंग में वह भी पकड़ा गया।
कुवैत के गृह मंत्रालय ने साफ किया है कि अब नियम तोड़ने वालों पर कोई नरमी नहीं दिखाई जाएगी। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, सिर्फ जनवरी 2026 के महीने में ही करीब 3,500 प्रवासियों को कानून तोड़ने की वजह से कुवैत से डिपोर्ट किया जा चुका है।
जुर्माना और नए नियमों का क्या होगा असर?
कुवैत में 2026 के नए नियमों के तहत जुर्माना काफी सख्त कर दिया गया है। अगर कोई प्रवासी अपनी रेजिडेंसी समय पर रिन्यू नहीं कराता है, तो उसे पहले महीने के लिए 2 KD प्रतिदिन और उसके बाद 4 KD प्रतिदिन का जुर्माना भरना होगा। विजिट वीजा पर रुकने वालों के लिए यह जुर्माना 10 KD प्रतिदिन तय किया गया है।
सबसे बड़ी चेतावनी यह है कि जो भी व्यक्ति इन छापों में पकड़ा जा रहा है, उनका बायोमेट्रिक स्कैन (फिंगरप्रिंट और आंखों की स्कैनिंग) किया जा रहा है। इसका मतलब है कि एक बार डिपोर्ट होने के बाद वे दोबारा किसी दूसरी पहचान या पासपोर्ट के जरिए कुवैत वापस नहीं आ सकेंगे। सुरक्षा अधिकारियों ने कहा है कि ऐसे सरप्राइज छापे आगे भी जारी रहेंगे।




