Dubai Police ने भिखारी को मिनटों में दबोचा, खाना मांगने के बहाने घर में घुसकर उड़ाई थी कार
दुबई में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहाँ एक व्यक्ति ने भिखारी बनकर लोगों की हमदर्दी का गलत फायदा उठाया। Dubai Police ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जिसने भूख का बहाना बनाकर एक घर में प्रवेश किया और वहां से लग्जरी कार चोरी कर ली। पुलिस ने शिकायत मिलने के कुछ ही मिनटों के भीतर आरोपी को पकड़ लिया और गाड़ी बरामद कर ली।
हमदर्दी दिखाकर घर में बुलाना पड़ा भारी
रिपोर्ट के अनुसार, एक कार मालिक को आरोपी ने रोका और कहा कि वह बहुत भूखा है। कार मालिक अकेले रहते थे और उन्होंने दया दिखाते हुए उसे खाना खिलाने के लिए अपने घर के अंदर बुला लिया। जब मालिक किचन में नाश्ता तैयार करने गए, तो मौका पाकर आरोपी ने लिविंग रूम से कार की चाबी उठाई और लग्जरी गाड़ी लेकर फरार हो गया।
Dubai Police के ब्रिगेडियर अली अल शम्सी ने बताया कि पुलिस टीम ने बहुत तेजी से काम किया और आरोपी को कार के साथ पकड़ लिया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटों में ‘Combat Begging’ अभियान के तहत 7 भिखारियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे अनजान लोगों को घर में न बुलाएं और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें।
भीख मांगने पर होगी जेल और भारी जुर्माना
दुबई में भीख मांगना कानूनन अपराध है और इसके लिए सख्त सजा का प्रावधान है। फेडरल लॉ के तहत अगर कोई व्यक्ति भीख मांगते पकड़ा जाता है, तो उसे कम से कम 5,000 दिरहम का जुर्माना और तीन महीने तक की जेल हो सकती है। वहीं, अगर यह काम किसी गिरोह द्वारा किया जा रहा है, तो जुर्माना 1 लाख दिरहम से शुरू होता है और छह महीने की जेल हो सकती है।
पुलिस ने निवासियों से अपील की है कि वे भिखारियों को पैसे देने के बजाय पंजीकृत संस्थाओं के माध्यम से ही दान करें। अगर आपको कोई भीख मांगता दिखे, तो तुरंत 901 पर कॉल करें या Dubai Police ऐप के जरिए रिपोर्ट करें। यह नियम सभी निवासियों और पर्यटकों पर समान रूप से लागू होता है।




