Gulf में CBSE बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित, 2 मार्च को होने वाला पेपर अब बाद में होगा
खाड़ी देशों में रह रहे भारतीय छात्रों और उनके माता-पिता के लिए एक जरूरी खबर है। Central Board of Secondary Education (CBSE) ने मिडिल ईस्ट में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं टाल दी हैं। यह फैसला ओमान, UAE और सऊदी अरब समेत कुल 7 देशों के स्कूलों पर लागू होगा। बोर्ड ने साफ किया है कि सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया है और छात्रों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है।
किन देशों में और कौन सा पेपर हुआ है स्थगित?
बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, सोमवार, 2 मार्च 2026 को होने वाली परीक्षा को फिलहाल स्थगित किया गया है। यह नियम बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में स्थित सभी CBSE स्कूलों के लिए है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा कैंसिल नहीं हुई है, बल्कि सिर्फ तारीख आगे बढ़ाई गई है। स्थगित हुए पेपर की नई तारीख जल्द ही बताई जाएगी।
आगे की परीक्षाओं पर कब आएगा फैसला?
CBSE अधिकारियों ने बताया है कि 3 मार्च, 2026 को स्थिति की दोबारा समीक्षा (Review) की जाएगी। इसके बाद ही 5 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षाओं पर कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ‘फर्जी सर्कुलर’ पर भरोसा न करें, जिसमें परीक्षा रद्द होने की बात कही जा रही है। सही जानकारी के लिए केवल अपने स्कूल या CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।




