UAE सरकार ने फसे हुए 20 हजार यात्रियों के लिए खोला खजाना, होटल और खाने का खर्च उठाएगी सरकार
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में चल रही हवाई दिक्कतों के बीच वहां की सरकार ने यात्रियों के लिए एक बहुत बड़ी राहत का एलान किया है। जो लोग फ्लाइट कैंसिल होने या लेट होने की वजह से दुबई और अबू धाबी में फस गए हैं, उनकी मदद के लिए सरकार आगे आई है। करीब 20,000 से ज्यादा यात्रियों के रहने और खाने का पूरा खर्च अब UAE सरकार उठाएगी। यह फैसला 28 फरवरी 2026 से लागू हो गया है और जब तक हालात सामान्य नहीं होते, यह मदद जारी रहेगी।
होटेल्स के लिए क्या हैं सरकारी आदेश?
अबू धाबी के अधिकारियों (DCT Abu Dhabi) ने सभी होटेल्स को साफ निर्देश दिए हैं कि जिन यात्रियों को चेक-आउट करना था लेकिन फ्लाइट नहीं होने की वजह से वो नहीं जा सके, उन्हें होटल से निकाला न जाए। उनके रुकने का समय बढ़ाया जाए और इसका बिल सीधे सरकार को भेजा जाए। दुबई में भी होटेल्स को कहा गया है कि वे यात्रियों से कोई एक्स्ट्रा चार्ज न लें और न ही कोई पेनल्टी लगाएं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Danube Properties और Arabnb Homes जैसी प्राइवेट कंपनियों ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है। ये कंपनियां फसे हुए परिवारों और बुजुर्गों को फ्री में रहने के लिए घर देने की पेशकश कर रही हैं। यह पहल उन भारतीयों और अन्य प्रवासियों के लिए बड़ी राहत है जो अचानक आई इस मुसीबत में परेशान थे।
फ्लाइट्स कब शुरू होंगी और यात्रियों को क्या करना चाहिए?
Emirates एयरलाइन ने दुबई से अपनी उड़ानों को सोमवार, 2 मार्च दोपहर 3 बजे तक के लिए रोक रखा है। Etihad Airways ने भी अपनी सेवाएं कुछ समय के लिए रोकी थीं। सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है क्योंकि हाल ही में एयरपोर्ट के पास कुछ सुरक्षा घटनाएं हुई हैं। अगर आप यात्रा करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी एयरलाइन से बात जरूर कर लें।
अधिकारियों ने साफ़ कहा है कि बिना कंफर्म टिकट के एयरपोर्ट पर भीड़ न बढ़ाएं। भारतीय यात्रियों और अन्य विदेशी नागरिकों के लिए एयरलाइन्स 18 मार्च 2026 तक फ्री में टिकट री-बुक करने की सुविधा दे रही हैं। यात्री एयरपोर्ट एप्स या एयरलाइन के हेल्प डेस्क से संपर्क करके होटल वाउचर की जानकारी ले सकते हैं।




