Bahrain सरकार का बड़ा ऐलान, ईरान हमलों के बीच आम लोगों से मांगी मदद, शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन
बहरीन में चल रहे तनाव के बीच सरकार ने आम लोगों को देश की मदद करने का मौका दिया है। बहरीन ने बुधवार को घोषणा की कि वहां रहने वाले लोग अब राष्ट्रीय प्रयासों में सहयोग करने के लिए बतौर वॉलंटियर रजिस्टर कर सकते हैं। ईरान की तरफ से हो रहे लगातार हमलों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों ने इस अभियान का नाम ‘Bahrain Is Safe… As Long As You Are Its People’ रखा है। इसका मकसद संकट की इस घड़ी में देश की सुरक्षा व्यवस्था और कामकाज को मजबूत करना है।
कौन कर सकता है अप्लाई और कैसे करें रजिस्ट्रेशन
इस अभियान में बहरीन के नागरिकों के साथ-साथ वहां रह रहे विदेशी निवासी (Residents) भी हिस्सा ले सकते हैं। इच्छुक लोग National Volunteer Platform की आधिकारिक वेबसाइट volunteer.gov.bh पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। यह सेवा बिल्कुल मुफ्त है और वॉलंटियर्स को पैसे नहीं देने होंगे। सरकार ने बताया है कि हेल्थ, इंजीनियरिंग, लॉजिस्टिक्स, प्रशासन और निगरानी जैसे कई अलग-अलग क्षेत्रों में वॉलंटियर्स की जरूरत है। जिन लोगों को चुना जाएगा, उन्हें उनकी प्रोफेशनल योग्यता और देश की मौजूदा जरूरत के हिसाब से काम सौंपा जाएगा।
सुरक्षा के क्या हैं इंतजाम और ताजा हालात
Bahrain Defence Force (BDF) ने जानकारी दी है कि उन्होंने अब तक 74 मिसाइलों और 95 ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया है। सुरक्षा को देखते हुए बहरीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लगातार चौथे दिन भी सभी उड़ानें रद्द हैं। एक दुखद घटना में मलबे की चपेट में आने से एक नागरिक की जान गई है। गृह मंत्रालय (MoI) ने सख्त हिदायत दी है कि लोग घरों के अंदर रहें और केवल आधिकारिक खबरों पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया पर गलत अफवाह फैलाने या सेना की फोटो वीडियो शेयर करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और कुछ लोगों को ‘देश के साथ विश्वासघात’ के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया है।




