India to Riyadh Flights: भारत से सऊदी अरब जाने वालों के लिए राहत, 12 मार्च से एयर इंडिया और इंडिगो की बढ़ेंगी फ्लाइट्स
भारत सरकार का नागरिक उड्डयन मंत्रालय (Civil Aviation Ministry) मध्य पूर्व के हालात पर करीब से नजर बनाए हुए है। सऊदी अरब और भारत के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक राहत की खबर है। 12 मार्च से एयर इंडिया, इंडिगो और अकासा एयर जैसी प्रमुख भारतीय एयरलाइंस रियाद के लिए अपनी फ्लाइट्स की संख्या बढ़ा रही हैं। नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू खुद इस पूरी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
12 मार्च से कौन सी एयरलाइंस दे रही सेवा
भारत से रियाद जाने वाले यात्रियों के लिए 12 मार्च से फ्लाइट्स का नया शेड्यूल लागू हो रहा है। इसके तहत एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस रियाद के लिए अपनी सेवाएं फिर से पूरी तरह शुरू कर रही हैं। इंडिगो और अकासा एयर भी 12 मार्च से मुंबई-रियाद-मुंबई रूट पर अपनी फ्लाइट्स शुरू करेंगी। स्पाइसजेट को भी वैकल्पिक एयरपोर्ट के इस्तेमाल की मंजूरी मिल गई है ताकि क्षेत्रीय उड़ानों में कोई बाधा न आए। हाल ही में 9 मार्च को मध्य पूर्व से 45 इनबाउंड फ्लाइट्स ने उड़ान भरी थी, जिसमें 7,047 यात्री भारत पहुंचे थे। अब रियाद रूट पर फोकस बढ़ाते हुए कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जा रहा है।
टिकट के दाम और रिफंड पर नया नियम
मौजूदा हालात को देखते हुए सरकार हवाई किराए पर भी सख्त नजर रख रही है। मंत्रालय यह सुनिश्चित कर रहा है कि फ्लाइट टिकट के दामों में अचानक कोई भारी बढ़ोतरी न हो। एयर इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय रूट पर 60 डॉलर का फ्यूल सरचार्ज लगाया है, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपना लो-कॉस्ट मॉडल बरकरार रखते हुए कोई फ्यूल सरचार्ज नहीं लगाया है। इसके अलावा जिन यात्रियों की फ्लाइट्स हालिया सस्पेंशन के कारण प्रभावित हुई थीं, उन्हें अकासा एयर और एयर इंडिया की तरफ से कैंसिलेशन और रीशेड्यूलिंग चार्ज में छूट दी जा रही है।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए सरकार की तैयारी
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीजीसीए (DGCA) ने एयरलाइंस को मस्कट इंटरनेशनल एयरपोर्ट का इस्तेमाल वैकल्पिक रूट के तौर पर करने की इजाजत दी है। अगर किसी कारण से रियाद, जेद्दा या दुबई जाने वाली फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़े, तो मस्कट एयरपोर्ट का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके साथ ही सरकार ने एयरलाइंस को स्लॉट मैनेजमेंट में भी छूट दी है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय और विदेश मंत्रालय लगातार संपर्क में हैं ताकि जरूरत पड़ने पर फंसे हुए भारतीयों को सुरक्षित निकाला जा सके। फिलहाल यात्रियों की आवाजाही सामान्य तरीके से चल रही है।




