UAE Flight Update: अबू धाबी भारतीय दूतावास ने जारी की नई एडवाइजरी, बिना कंफर्म टिकट एयरपोर्ट जाने पर रोक
UAE में रहने वाले भारतीयों और वहां यात्रा करने वालों के लिए एक जरूरी अपडेट सामने आया है। अबू धाबी में भारतीय दूतावास और UAE नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (GCAA) के निर्देश के बाद एयरलाइंस ने अपनी उड़ानों के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया है। सुरक्षा और मौजूदा हालात को देखते हुए अबू धाबी, दुबई, शारजाह, रास अल खैमाह और फुजैरा से भारत के विभिन्न शहरों के बीच काफी सीमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। दूतावास ने सभी यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें।
किन एयरलाइंस की उड़ानों पर पड़ा असर
ताजा अपडेट के अनुसार भारत और UAE के बीच चलने वाली कई प्रमुख एयरलाइंस की उड़ानों को रद्द या सीमित किया गया है। यात्रियों की जानकारी के लिए एयरलाइंस ने अपनी तरफ से ताजा हालात साझा किए हैं।
- Air India Express: 15 मार्च के लिए अबू धाबी, रास अल खैमाह और शारजाह से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
- दिल्ली-दुबई रूट: इस रूट पर अभी केवल एक राउंड-ट्रिप फ्लाइट चल रही है। शारजाह और रास अल खैमाह से केरल और दिल्ली के लिए कुछ चुनिंदा उड़ानें चल सकती हैं जो परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
- IndiGo: दुबई के लिए उड़ानों को सीमित कर दिया गया है और UAE के अन्य शहरों के लिए सेवाएं फिलहाल सस्पेंड रखी गई हैं।
यात्रियों के लिए नियम और हेल्पलाइन नंबर
दूतावास ने साफ निर्देश दिया है कि केवल कंफर्म टिकट वाले यात्री ही एयरपोर्ट के टर्मिनल्स पर जाएं। जिन लोगों की उड़ानें रद्द हो गई हैं, उनके लिए भी सरकार और एयरलाइंस ने कुछ बड़ी सहूलियतें दी हैं।
- रिफंड और रीबुकिंग: रद्द उड़ानों के यात्री बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के अपनी टिकट आगे की तारीख के लिए रीबुक कर सकते हैं या अपना पूरा रिफंड वापस ले सकते हैं।
- वीजा फाइन में छूट: UAE अथॉरिटी ने उड़ान रद्द होने के कारण फंसे विजिटर्स के लिए ओवरस्टे फाइन को पूरी तरह माफ करने का ऐलान किया है।
- किराये पर नजर: भारत का DGCA टिकटों की कीमतों पर नजर रख रहा है ताकि इस मुश्किल स्थिति में कोई एयरलाइन ज्यादा किराया ना वसूले।
- हेल्पलाइन: भारतीय नागरिक किसी भी तरह की मदद के लिए 24 घंटे उपलब्ध टोल-फ्री नंबर 800-46342 या WhatsApp नंबर +971 543090571 पर सीधा संपर्क कर सकते हैं।




