Kuwait Drone Attack: कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन से हुआ बड़ा हमला, सेना ने हवा में ही किए नष्ट
कुवैत में लगातार मिसाइल और ड्रोन से हमले किए जा रहे हैं. कुवैत रक्षा मंत्रालय और नेशनल गार्ड ने कई दुश्मन ड्रोन को हवा में ही मार गिराया है. हमले का मुख्य निशाना उत्तरी तटीय इलाके और अहम इंफ्रास्ट्रक्चर थे, जिसमें Kuwait International Airport भी शामिल है. आम लोगों की सुरक्षा के लिए कुछ समय के लिए कुवैत का एयरस्पेस बंद कर दिया गया था और नागरिक उड़ानों को रोक दिया गया था. गनीमत यह रही कि इस ताजा हमले में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई है और ना ही कोई बड़ा नुकसान हुआ है.
एयरपोर्ट रडार को नुकसान और सेना का एक्शन
रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले के हमलों में कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रडार सिस्टम को नुकसान पहुंचा था. वहीं हाल ही में आए दो ड्रोन उत्तरी रेगिस्तानी इलाके में बिना फटे ही गिर गए. कुवैत रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल सऊद अल-अतवान ने बताया कि देश का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह से अलर्ट है और हर खतरे से निपटने के लिए तैयार है. कुवैत नेशनल गार्ड और आर्मी मिलकर अहम जगहों की सुरक्षा कर रहे हैं. इसके साथ ही सऊदी अरब और कतर में भी इसी तरह के हमलों को हवा में नष्ट करने की खबर सामने आई है.
कुवैत में रहने वाले प्रवासियों के लिए अलर्ट
कुवैत सरकार ने वहां काम करने वाले भारतीयों और अन्य प्रवासियों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं. जब भी एयर डिफेंस सायरन बजे, तो सभी को अपने घर के अंदर ही रहना है. अगर आस-पास कोई संदिग्ध वस्तु या ड्रोन का मलबा दिखे, तो तुरंत Explosives Inspection and Disposal Unit को इसकी जानकारी दें. लोगों को मलबे के पास भीड़ लगाने से साफ मना किया गया है. कुवैत कस्टम ने यह भी बताया कि देश में खाने-पीने और दवाइयों का भरपूर स्टॉक मौजूद है, इसलिए किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है.




