कुवैत के अमघारा इंडस्ट्रियल इलाके में शुक्रवार दोपहर एक स्क्रैप यार्ड में भीषण आग लग गई। तेज़ गर्मी और तेज़ हवाओं की वजह से आग तेजी से फैलने लगी, जिससे तुरंत इमरजेंसी सेवाएं एक्टिव हो गईं।

जनरल फायर फोर्स ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए सात दमकल टीमों को भेजा गया, बाद में सेना और नेशनल गार्ड की टीमें भी मदद के लिए पहुंचीं। आग लगभग दोपहर 2:30 बजे शुरू हुई थी। शुक्रवार शाम तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी।  फायर फोर्स के जनसंपर्क और मीडिया विभाग के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अल गरीब ने सरकारी कुवैत न्यूज़ एजेंसी (KUNA) को जानकारी कि दमकलकर्मी आग को आसपास की बिल्डिंग तक पहुंचने से रोकने और उसे अलग करने की पूरी कोशिश की गई।

आग ने उन इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया जहां ज्वलनशील सामग्री जैसे लकड़ी, सिरेमिक, धातु और पेंट रखा गया था। गर्मी के मौसम की तेज़ तपिश और तेज़ हवाओं के कारण आग तेजी से पूरे स्क्रैप यार्ड में फैल गई।

ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अल गरीब ने अल रई अखबार को बताया कि अब तक 9 दमकल स्टेशनों की टीमें, यानी 200 से ज्यादा दमकलकर्मी आग बुझाने के अभियान में जुटे। दमकल कर्मियों को सुरक्षा बलों, ट्रैफिक पुलिस और इमरजेंसी मेडिकल टीमों का भी भरपूर सहयोग मिला। जनरल फायर फोर्स के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल तलाल अल रुमैही खुद घटनास्थल पर मौजूद रहकर पूरे ऑपरेशन की निगरानी की।