सऊदी अरब के अबहा शहर में एक फेस्टिवल के दौरान एम्यूजमेंट राइड में बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 23 लोग घायल हुए हैं। घटना के तुरंत बाद इमरजेंसी टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और उनका इलाज शुरू किया।

यह घटना 3 जुलाई 2026 को हुई। Asir Governorate ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना की पुष्टि की है। सऊदी टीवी के Al Ekhbariya चैनल ने भी इस हादसे की जानकारी दी है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी की जान जाने की खबर नहीं आई है और इलाज के बाद 3 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

Asir Governorate ने बताया कि जैसे ही हादसे की सूचना मिली, संबंधित अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है ताकि हादसे की सही वजह पता चल सके। जांच में राइड के तकनीकी पहलुओं और नियमों के पालन की बारीकी से जांच की जा रही है।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस मामले में केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाहों को न फैलाएं।