Abu Dhabi Customs की चेतावनी, फर्जी इलेक्ट्रॉनिक मैसेज से रहें सावधान, हो सकता है बड़ा नुकसान.

अबू धाबी कस्टम्स ने हाल ही में अपने सभी ग्राहकों और आम जनता के लिए एक जरूरी चेतावनी जारी की है। इस चेतावनी में फर्जी इलेक्ट्रॉनिक मैसेज और नोटिस के बारे में बताया गया है जो कस्टम्स विभाग के नाम पर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं। ये धोखेबाज मैसेज बिल्कुल असली जैसे लगते हैं और लोगों को भ्रमित करते हैं ताकि उन्हें लगे कि ये सरकारी विभाग की तरफ से भेजे गए हैं। ऐसे ही एक वायरल मैसेज का शीर्षक "Official Customs Hold Notice – Customs Tariff Classification Required (Harmonised System)" बताया गया है.
फर्जी संदेशों से जुड़े खतरे और बचने के उपाय
प्राधिकरण ने साफ किया है कि ये सभी मैसेज पूरी तरह से फर्जी हैं और इनका विभाग से कोई लेना-देना नहीं है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे मामलों में पूरी सतर्कता बरतें। इन झूठे संदेशों में अक्सर एक रेफरेंस नंबर, तारीख और समय का जिक्र होता है। साथ ही यह दावा किया जाता है कि आपका कोई सामान या शिपमेंट कस्टम्स में रोक लिया गया है। इसके बाद कस्टम्स टैरिफ क्लेरिफिकेशन या फीस भरने के नाम पर तुरंत एक्शन लेने को कहा जाता है.
इस तरह की धोखाधड़ी का मुख्य मकसद ग्राहकों की पर्सनल जानकारी, बिजनेस डिटेल या बैंक खाते की जानकारी चुराना होता है। इसके अलावा वे लोगों से बिना अनुमति के ट्रांजैक्शन करवाने की कोशिश भी करते हैं। अबू धाबी कस्टम्स ने यह स्पष्ट किया है कि उनके सभी आधिकारिक कामकाज और लेनदेन केवल स्वीकृत सिस्टम और वैध डिजिटल चैनलों के माध्यम से ही किए जाते हैं.
अधिकारियों की सख्त सलाह
विभाग ने ग्राहकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी संदिग्ध संदेश का जवाब न दें और न ही उसके साथ किसी तरह का लेन-देन करें। ऐसे मैसेज में दिए गए किसी भी लिंक पर क्लिक करने या किसी फाइल को डाउनलोड करने से बचना चाहिए। अपनी व्यक्तिगत, व्यावसायिक या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान और भरोसेमंद न लगने वाले स्रोतों से मिलने वाले पेमेंट के अनुरोधों को पूरी तरह नजरअंदाज करें.
यदि किसी को ऐसा कोई फर्जी संदेश मिलता है, तो उन्हें तुरंत आधिकारिक चैनलों के माध्यम से इसकी शिकायत करनी चाहिए। अबू धाबी कस्टम्स अपने ग्राहकों के डाटा की सुरक्षा करने, डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित बनाने और लोगों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है ताकि कोई भी ठगी का शिकार न बन सके।