अबू धाबी प्रशासन ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। 4 मई 2026 से घंतूत (Ghantoot) और वाहत अल करमा स्ट्रीट (Wahat Al Karama Street) पर दो नए टोल गेट शुरू होने जा रहे हैं। इन गेट्स से गुजरने पर अब हर बार 4 दिरहम का शुल्क देना होगा, जो दिन के किसी भी समय लागू रहेगा। इस कदम से शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों का सफर आसान हो सकेगा।

नए टोल गेट के नियम और चार्ज क्या होंगे

अबू धाबी के इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट सेंटर (ITC) ने बताया कि ये नए टोल गेट 24 घंटे और हफ्ते के सातों दिन चालू रहेंगे। यहां हर बार क्रॉसिंग करने पर फ्लैट 4 दिरहम का चार्ज लगेगा। यह पुराने चार टोल गेट्स के मॉडल से अलग है, क्योंकि पुराने गेट्स पर केवल पीक आवर्स यानी सुबह 7 से 9 और दोपहर 3 से 7 बजे के बीच ही पैसे लिए जाते थे। इन दो नए गेट्स के जुड़ने के बाद अब अमीरात में कुल टोल गेट्स की संख्या 6 हो जाएगी।

रजिस्ट्रेशन कैसे कराएं और जुर्माना कितना होगा

UAE में रहने वाले सभी लोगों को अपने वाहनों को Darb सिस्टम पर रजिस्टर करना जरूरी होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए 100 दिरहम की फीस देनी होगी, जिसमें से 50 दिरहम आपके अकाउंट बैलेंस में डाल दिए जाएंगे। अगर कोई वाहन बिना रजिस्ट्रेशन के टोल पार करता है, तो पहली बार 100 दिरहम, दूसरी बार 200 दिरहम और उसके बाद 400 दिरहम का जुर्माना लगेगा। साथ ही, नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करने या टोल मशीन को नुकसान पहुँचाने पर 10,000 दिरहम का भारी जुर्माना देना होगा।

किन लोगों को मिलेगी छूट और क्या है इसका मकसद

सरकार ने कुछ खास वर्गों के लिए छूट का इंतजाम किया है। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों (People of Determination), कम आय वाले नागरिकों और रिटायर्ड नागरिकों की एक गाड़ी को इस टोल शुल्क से छूट मिलेगी। ITC के मुताबिक, घंतूत और वाहत अल करमा स्ट्रीट का चुनाव ट्रैफिक स्टडी के आधार पर किया गया है ताकि भीड़भाड़ को कम किया जा सके। इस पूरे सिस्टम के संचालन में Q-Mobility कंपनी ITC के साथ मिलकर काम कर रही है।

Sushma Kumari

Shushma covers Stories Around Expats and Helpful Contents Related to Daily life of Public. She completed Mass Communication Degree From Makhan lal Chaturvedi College Bhopal and Has 3 years of Field Experience. Earlier She Worked with Jagran Media Patna Office and Now Working with GulfHindi.com