Air India ने दुबई में फंसे भारतीयों के लिए चलाई स्पेशल फ्लाइट्स, इन रूटों पर मिलेगी राहत
पश्चिमी एशिया में चल रहे तनाव और हवाई रास्ते बंद होने की वजह से कई भारतीय यात्री UAE में फंस गए थे। इन यात्रियों की मदद के लिए Air India और Air India Express ने आज यानी 8 मार्च को विशेष फ्लाइट्स चलाने का फैसला किया है। एयरलाइन की तरफ से यह कदम उन लोगों को राहत देने के लिए उठाया गया है जो फ्लाइट कैंसिल होने की वजह से परेशान थे और अपने घर वापस आना चाहते थे।
👉: कतर ने ईरानी एंबेसी स्टाफ को 1 हफ्ते में देश छोड़ने का दिया आदेश, होटलों में रुकने पर भी लगी रोक।
किन रूटों पर चलेंगी ये स्पेशल फ्लाइट्स?
Air India और Air India Express ने फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए आज कई नॉन-शेड्यूल फ्लाइट्स का इंतजाम किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Air India दिल्ली-दुबई और मुंबई-दुबई रूट पर अपनी सेवाएं दे रही है। वहीं, Air India Express ने भी लगभग 30 अतिरिक्त फ्लाइट्स का संचालन शुरू किया है।
ये अतिरिक्त फ्लाइट्स भारत के अलग-अलग शहरों को दुबई, अबू धाबी, रास अल खैमा और शारजाह से जोड़ रही हैं। हालांकि, जेद्दा (सऊदी अरब) और मस्कट (ओमान) के लिए रेगुलर फ्लाइट्स अभी भी सामान्य रूप से चल रही हैं क्योंकि वहां का एयरस्पेस सुरक्षित माना गया है।
कैंसिल टिकट और रिफंड के नियम क्या हैं?
अगर आपकी फ्लाइट कैंसिल हुई है या आप अपनी यात्रा की तारीख बदलना चाहते हैं, तो एयरलाइन ने इसके लिए कुछ खास नियम बनाए हैं। जिन यात्रियों ने 4 मार्च या उससे पहले टिकट बुक कराया था और उनकी यात्रा 28 फरवरी से 8 मार्च के बीच थी, वे अपनी फ्लाइट को अगले एक महीने की किसी भी तारीख के लिए री-बुक कर सकते हैं। इसके लिए उनसे कोई एक्स्ट्रा चार्ज या किराये का अंतर नहीं लिया जाएगा।
एयरलाइन ने यह भी साफ किया है कि:
- Air India Express की बहरीन, दम्मम, दोहा, कुवैत और रियाद की फ्लाइट्स 13 मार्च तक कैंसिल रहेंगी।
- Air India की दम्मम, दोहा और रियाद की फ्लाइट्स 10 मार्च तक सस्पेंड हैं।
- जो यात्री री-बुकिंग नहीं करना चाहते, वे अपना पूरा पैसा रिफंड ले सकते हैं।
नए टिकटों के दाम काफी बढ़ गए हैं और कुछ इकनॉमी सीटों का किराया 60,000 रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये तक पहुंच गया है, इसलिए पुराने टिकट होल्डर्स को री-बुकिंग का विकल्प चुनना फायदेमंद रहेगा।





