उत्तर-पूर्व भारत के लोगों और वहां से दुबई-अबू धाबी आने जाने वालों के लिए एक बड़ी खबर है. Air India Express ने गुवाहाटी से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करने का ऐलान किया है. यह पहली बार है जब नॉर्थ ईस्ट इंडिया और वेस्ट एशिया के बीच डायरेक्ट एयर कनेक्टिविटी मिलेगी.

एयरलाइन ने बताया कि गुवाहाटी से दुबई के लिए उड़ानें 4 अगस्त 2026 से और अबू धाबी के लिए उड़ानें 7 अगस्त 2026 से शुरू होंगी. इन सेवाओं के शुरू होने से अब यात्रियों को बीच में फ्लाइट बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और सफर आसान हो जाएगा.

फ्लाइट का समय और किराया

दुबई जाने वाली फ्लाइट हर मंगलवार को चलेगी, जो गुवाहाटी से दोपहर 12:25 बजे रवाना होगी और शाम 4:10 बजे दुबई पहुंचेगी. वहीं, अबू धाबी के लिए फ्लाइट हर शुक्रवार को चलेगी, जो सुबह 11:30 बजे गुवाहाटी से उड़ेगी और दोपहर 3:15 बजे अबू धाबी पहुंचेगी.

रूट शुरुआत की तारीख दिन शुरुआती किराया (एक तरफ)
गुवाहाटी से दुबई 4 अगस्त 2026 मंगलवार लगभग 22,397 रुपये
गुवाहाटी से अबू धाबी 7 अगस्त 2026 शुक्रवार लगभग 37,302 रुपये

इन फ्लाइट्स की बुकिंग अब Air India Express की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अन्य बुकिंग पोर्टल पर शुरू हो गई है.

सरकार और एयरलाइन का नजरिया

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि इन नई सेवाओं से असम की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और गुवाहाटी दक्षिण पूर्व एशिया के लिए एक बड़ा ट्रैवल हब बनेगा. मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आने वाले समय में वियतनाम के लिए भी सीधी फ्लाइट शुरू करने की योजना है.

Air India Express के लिए गुवाहाटी एक महत्वपूर्ण स्टेशन है. अब दुबई और अबू धाबी रूट जुड़ने के बाद, एयरलाइन नॉर्थ ईस्ट के चार शहरों- डिब्रूगढ़, डिमापुर, गुवाहाटी और इंफाल से हर हफ्ते 290 से ज्यादा उड़ानें संचालित करेगी. इससे पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा.

गुवाहाटी से अब यात्री चार देशों- UAE, थाईलैंड, सिंगापुर और भूटान के लिए सीधी उड़ानें ले सकेंगे. एयरलाइन अपनी ‘Tales of India’ पहल के तहत विमानों के डिजाइन में नॉर्थ ईस्ट की कला और संस्कृति को भी प्रमोट कर रही है.

Aanya

Aanya is Ex IndiaTV Journalist. She covers Expats oriented news, views and interviews With deep understanding of what Hindi Speaking people needs as updates in daily life to avoid fines, comply rules and stay updated.