Air India Flight Update: एयर इंडिया ने जेद्दाह और मस्कट के लिए उड़ानें रखी चालू, अन्य खाड़ी देशों की फ्लाइट्स रद्द
पश्चिम एशिया और खाड़ी देशों के मौजूदा हालात के बीच Air India और Air India Express ने यात्रियों को राहत दी है। एयरलाइंस ने साफ किया है कि सऊदी अरब के जेद्दाह और ओमान के मस्कट के लिए उनकी निर्धारित उड़ानें सामान्य रूप से चलती रहेंगी। अधिकारियों के अनुसार इन देशों का एयरस्पेस पूरी तरह सुरक्षित है। 9 मार्च 2026 को जारी ट्रेवल एडवाइजरी में बताया गया कि हालात को देखते हुए बाकी कुछ शहरों की उड़ानें रोकी गई हैं, लेकिन जेद्दाह और मस्कट रूट पर कोई असर नहीं पड़ा है।
ℹ️: Bahrain Drone Attack: बहरीन में ईरान का ड्रोन हमला, 32 लोग घायल, UAE और सऊदी में भी अलर्ट।
जेद्दाह और मस्कट के लिए उड़ानों का शेड्यूल
यात्रियों की सुविधा के लिए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस दोनों मिलकर जेद्दाह और मस्कट के लिए कई उड़ानें संचालित कर रही हैं। यह उड़ानें भारत के अलग-अलग शहरों से भरी जा रही हैं।
- जेद्दाह के लिए उड़ानें: Air India दिल्ली और मुंबई से राउंड-ट्रिप चला रही है। वहीं Air India Express बेंगलुरु, हैदराबाद और कोझिकोड से उड़ानें भर रही है। इस रूट पर कुल 10 फ्लाइट्स संचालित हो रही हैं।
- मस्कट के लिए उड़ानें: Air India Express दिल्ली, मुंबई, कन्नूर, तिरुवनंतपुरम, तिरुचिरापल्ली और कोच्चि से 14 फ्लाइट्स चला रही है। कोच्चि से दो राउंड-ट्रिप शामिल हैं।
इसके अलावा जो यात्री यूएई में फंसे हुए हैं, उनके लिए 9 मार्च को 32 गैर-निर्धारित (ad-hoc) विशेष उड़ानें भी चलाई जा रही हैं। इसमें उन लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है जिनके पास पहले से बुकिंग है।
रद्द हुई फ्लाइट्स और रिफंड का नियम
हालात को देखते हुए रियाद, दम्माम, दोहा, कुवैत और बहरीन जैसे अन्य शहरों के लिए सेवाएं 10 से 13 मार्च 2026 तक के लिए रोक दी गई हैं। एयरलाइन ने इन रद्द हुई फ्लाइट्स के यात्रियों के लिए विशेष नियम बनाए हैं ताकि किसी को परेशानी न हो।
- जिन यात्रियों की फ्लाइट रद्द हुई है, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के एक महीने के भीतर किसी भी आगे की तारीख पर अपनी टिकट रीबुक कर सकते हैं।
- अगर कोई यात्री आगे की यात्रा नहीं करना चाहता है, तो उसे पूरा रिफंड (Full Refund) दिया जाएगा।
- मदद के लिए यात्री airindia.com पर जा सकते हैं या +91 1169329333 और +91 1169329999 नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
- Air India Express के यात्री व्हाट्सएप पर Tia असिस्टेंट (+91 63600 12345) के जरिए भी मदद ले सकते हैं।
भारत सरकार का विदेश मंत्रालय (MEA) भी खाड़ी देशों में रहने वाले करीब 52 हजार भारतीयों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और एक विशेष कंट्रोल रूम चालू कर दिया गया है ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों की मदद की जा सके।





