यूएई में इस वक्त गर्मी कहर ढ़ा रही है। यहां का तापमान 50 डिग्री के पार जा चुका है। इतनी भंयकर गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। ऐसे में अजमान पुलिस ने दया और मानवीयता का परिचय देते हुए क्षेत्र में काम कर रहे मज़दूरों को ठंडा पानी और अन्य ताजगी भरे पेय पदार्थ वितरित किए।

इस पहल का उद्देश्य न केवल उन्हें गर्मी से राहत देना था, बल्कि यह भी दर्शाना था कि यूएई में श्रमिकों की भलाई को कितनी प्राथमिकता दी जाती है। यह एक ऐसा संदेश था जो गर्मी में भी दिलों को ठंडक पहुंचा गया। अजमान में मज़दूरों की बस्तियों में पुलिस अधिकारियों को जूस, लबन (छाछ) और छोटे कपों में आइसक्रीम के पैकेट बांटते हुए देखा गया।

पुलिस की यह उदार पहल केवल श्रमिकों तक सीमित नहीं रही रास्ते से गुज़रने वाले अन्य निवासियों को भी ये ठंडी सौगातें दी गईं। इस तरह की गतिविधियां न केवल गर्मी में राहत देती हैं, बल्कि सामुदायिक एकजुटता और करुणा की भावना को भी मजबूत करती हैं।

यह पहली बार नहीं है जब अजमान पुलिस ने ऐसी कोई पहल की हो। साल 2023 में, अधिकारियों ने “हम आपके पास आते हैं, हमारी गर्मी ठंडी है” (We Come to You, Our Summer is Cool) नामक एक विशेष अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत पुलिस ने कई कार्यस्थलों का दौरा किया था ताकि श्रमिकों से मुलाक़ात कर उन्हें गर्मी के मौसम में राहत पहुंचाई जा सके और उनके चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके। इस तरह की पहलों का उद्देश्य केवल ठंडा पानी या आइसक्रीम देना नहीं है, बल्कि श्रमिकों को यह एहसास दिलाना है कि उनका योगदान समाज के लिए कितना मूल्यवान है और वह अकेले नहीं हैं।

Vandana Upadhyay

4 वर्ष तक देश के बड़े अखबारी प्रकाशनो में काम करने के उपरांत मैं अब GulfHindi में अपनी सेवा दे रही हूँ। उम्मीद हैं मेरी लेखनी आप सब को खबरों से सही और सटीक रूबरू कराएगी.