UAE में रहने वाले करीब 43 लाख भारतीयों के लिए एक बहुत ज़रूरी अपडेट आया है. अब पासपोर्ट, वीज़ा और अन्य दूतावास सेवाओं के लिए नया सर्विस प्रोवाइडर तय हो गया है. 1 जुलाई 2026 से Alhind Tours and Travels LLC यह सारी ज़िम्मेदारी संभालेगा.

नया सिस्टम कब से लागू होगा

Embassy of India, Abu Dhabi ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि 1 जुलाई 2026 से Alhind Group पासपोर्ट और वीज़ा सेवाओं का काम शुरू करेगा. इस समझौते पर 18 मई 2026 को अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास में साइन किए गए थे. अभी जो सर्विस प्रोवाइडर BLS International और SGIVS Global काम कर रहे हैं, वे 30 जून 2026 तक ही अपनी सेवाएं देंगे.

कहाँ खुलेंगे सेंटर और कितना होगा खर्च

Alhind Group पूरे UAE के सातों अमीरात में कुल 16 नए सर्विस सेंटर खोलने जा रहा है. इनमें अबू धाबी में 6 सेंटर (अल खालिदिया, अल रीम आइलैंड, मुसफ्फाह, मदीनत जायद, घयाथी और अल ऐन) और दुबई में 2 सेंटर (बुर दुबई और दुबई इन्वेस्टमेंट पार्क) शामिल हैं. सबसे बड़ी बात यह है कि अब हर ट्रांजैक्शन के लिए सिर्फ 19 दिरहम की एक फिक्स्ड फीस ली जाएगी, जिसमें बायोमेट्रिक फोटो, फोटोकॉपी और बेसिक प्रोसेसिंग शामिल होगी.

मिलने वाली सेवाएं और खास सुविधा

नये सेंटर पर भारतीय पासपोर्ट रिन्यूअल, वीज़ा सर्विस, OCI कार्ड, पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC), सरेंडर सर्टिफिकेट और डॉक्यूमेंट अटेस्टेशन जैसे काम होंगे. कंपनी एक खास होम-बेस्ड सर्विस भी शुरू करने जा रही है, जिससे लोग घर बैठे पासपोर्ट रिन्यू करा सकेंगे और स्टाफ घर आकर बायोमेट्रिक डेटा ले जाएगा.

प्रवासियों के लिए ज़रूरी सलाह

जिन लोगों के पासपोर्ट या अन्य डॉक्यूमेंट्स जल्द एक्सपायर होने वाले हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे 30 जून 2026 से पहले ही अपने आवेदन जमा कर दें. इससे ट्रांजिशन के समय किसी भी तरह की परेशानी या देरी से बचा जा सकेगा. किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल्स पर ही भरोसा करें.

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.