बहरीन (Bahrain) में सुरक्षा को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक बहरीन रक्षा बल (BDF) ने अब तक 115 बैलिस्टिक मिसाइलों और 191 ड्रोन को सफलतापूर्वक हवा में ही नष्ट कर दिया है। पिछले 24 घंटों में भी 3 मिसाइल और 5 ड्रोन को निशाना बनाया गया है। इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच सरकार ने देश में रहने वाले आम नागरिकों और भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा के लिए कई जरूरी गाइडलाइन लागू की हैं।

ℹ️: Oman में कच्चे तेल के दाम ने तोड़ा 2008 का रिकॉर्ड, कीमत पहुंची 144 डॉलर के पार

नागरिकों और प्रवासियों के लिए क्या हैं नए नियम?

  • घर के अंदर रहें: प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे घरों से बाहर न निकलें और केवल बहुत जरूरी काम होने पर ही यात्रा करें।
  • वीडियो बनाने पर सख्त रोक: किसी भी सैन्य अभियान, मलबे या गिरने वाले टुकड़ों का वीडियो बनाना मना है। इससे देश की सुरक्षा जानकारी लीक होने का डर रहता है।
  • संदिग्ध चीजों से दूरी: अगर सड़क या किसी भी जगह पर कोई संदिग्ध चीज नजर आती है, तो उसे छूने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना देनी है।
  • अफवाहों से बचें: लोगों को सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल सरकारी जानकारी पर ही भरोसा करें।

मार्केट में राशन और बिजली-पानी की स्थिति

लगातार हो रहे हमलों के बावजूद बहरीन के उद्योग और वाणिज्य मंत्रालय ने साफ किया है कि बाजार में खाने-पीने की चीजों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। सरकार इस बात की निगरानी कर रही है कि कोई भी दुकानदार सामान के दाम न बढ़ा सके। इसके साथ ही, बिजली और जल प्राधिकरण ने भी पुष्टि की है कि देश का पावर ग्रिड और पानी की सप्लाई पूरी तरह से स्थिर है। अस्पतालों और अन्य जरूरी सेवाओं का काम बिना किसी रुकावट के चल रहा है, जिससे आम आदमी को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

अन्य खाड़ी देशों के साथ मिलकर हो रहा है काम

बहरीन के विदेश मंत्रालय ने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताया है। रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे मामले में सऊदी अरब, यूएई, कतर और कुवैत जैसे अन्य खाड़ी देश (GCC) लगातार आपस में समन्वय कर रहे हैं। इन देशों के बीच खतरे से निपटने के लिए बातचीत जारी है। इसके अलावा, फ्लाइट्स और एयरस्पेस के संचालन पर सिविल एविएशन द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा तय की जा सके।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.