बांग्लादेश में 1981 में हुए पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान हत्याकांड मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। ढाका पुलिस की डिटेक्टिव ब्रांच (DB) ने लंबे समय से फरार चल रहे 77 वर्षीय मेजर (रिटायर्ड) मुजफ्फर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 15 जुलाई 2026 की रात करीब 10:10 बजे ढाका के बनानी डीओएचएस इलाके से पकड़ा गया और अगले दिन शाम 6:10 बजे उसे सेना को सौंप दिया गया।
सैन्य कानून के तहत चलेगा मुकदमा
डीबी प्रमुख एमडी शफीकुल इस्लाम ने बताया कि आरोपी को नियमों के तहत सेना को सौंपा गया है। ISPR के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल समी-उद-दोला चौधरी ने साफ किया है कि मेजर मुजफ्फर हुसैन पर अब सैन्य कानून के तहत मुकदमा चलेगा। लंबे समय तक फरार रहने के कारण उन्हें सख्त कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा। शुरुआती पूछताछ में उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति की हत्या में अपनी भूमिका के बारे में पुलिस को जानकारी दी है।
आरोपी साल 1981 से ही कानून से बचकर भाग रहा था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह 1997 से 1998 के बीच भारत में भी छुपा था और नाम बदलकर कई देशों की सीमाएं पार करता रहा। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और खुफिया जानकारी का इस्तेमाल कर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की है।
