बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 76 वर्षीय राष्ट्रपति ने 24 जुलाई 2026 को अपना इस्तीफा सौंपा। उन्होंने बताया कि ऑटोनोमिक न्यूरोपैथी, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों के कारण वह अब अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को निभाने में असमर्थ हैं।

नए राष्ट्रपति के चुनाव तक स्पीकर संभालेंगे कार्यभार

संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, राष्ट्रपति का पद खाली होने के बाद जातिया संसद (संसद) के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने तुरंत कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उनके इस पद पर आने के बाद, डिप्टी स्पीकर कैसर कमाल को अब स्पीकर की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास बंगभवन ने भी इस्तीफे की औपचारिक पुष्टि कर दी है।

संविधान के नियमों के तहत, अब 90 दिनों के भीतर देश के नए राष्ट्रपति का चुनाव किया जाएगा। राष्ट्रपति का पद बांग्लादेश में मुख्य रूप से औपचारिक होता है, जबकि कार्यकारी शक्तियां प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के पास रहती हैं। मोहम्मद शहाबुद्दीन ने 24 अप्रैल 2023 को 22वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी और उनका कार्यकाल अप्रैल 2028 तक निर्धारित था।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.