बिहार के किशनगंज से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सऊदी अरब में 18 महीने तक काम करने के बाद घर लौटे 34 वर्षीय एहसान रजा की हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि एहसान की पत्नी शमरीन ताज ने ही अपने प्रेमी सिराज अंजुम के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी. हत्या को एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई थी, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट और पुलिस की जांच ने सारा सच खोल दिया.

कैसे रची गई मौत की साजिश?

एहसान 1 मार्च 2026 की दोपहर सऊदी अरब से अपने घर किशनगंज के कोचाधामन पहुंचे थे. वह विदेश में मेहनत कर रहे थे और 18 महीने बाद परिवार से मिलने आए थे. उसी दिन शाम को उनकी पत्नी शमरीन ने इफ्तार के बहाने उन्हें फोन कर अपने मायके बुलाया. रास्ते में ही एहसान की हत्या कर दी गई. उनका शव रात के समय पूर्णिया जिले के रौटा थाना क्षेत्र में मल्हारा मदरसा के पास एक पुलिया के निकट मिला. हत्यारों ने इस घटना को एक सामान्य रोड एक्सीडेंट दिखाने की पूरी कोशिश की थी ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके.

पुलिस जांच में कैसे खुला राज?

रौटा थाने के SHO कुमार कुणाल सौरव के मुताबिक, मृतक के पिता साबिर आलम की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया. जब पुलिस और FSL की टीम ने जांच की, तो पता चला कि मोटरसाइकिल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था. इसके अलावा एहसान के सिर के पीछे चोट के निशान थे, जो किसी हादसे का नहीं बल्कि हमले का नतीजा लग रहे थे. इस केस में सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब मेडिकल जांच में पता चला कि पत्नी शमरीन 2 महीने से प्रेग्नेंट है. चूंकि एहसान 18 महीने से सऊदी अरब में काम कर रहे थे, इसलिए इस प्रेगनेंसी ने हत्या का असल मकसद और अवैध संबंध की बात साफ कर दी.

पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच

इस पूरे मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए अपनी टीमें लगा दी हैं.

  • पुलिस ने पत्नी शमरीन ताज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
  • शमरीन ने अपने चचेरे भाई सिराज के साथ संबंधों की बात कबूल कर ली है.
  • इस हत्या का मुख्य आरोपी सिराज अंजुम अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी हो रही है.
  • कोचाधामन के विधायक मो. सरवर आलम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दोषियों को सख्त सजा दिलाने का भरोसा दिया है.
Sushma Kumari

Shushma covers Stories Around Expats and Helpful Contents Related to Daily life of Public. She completed Mass Communication Degree From Makhan lal Chaturvedi College Bhopal and Has 3 years of Field Experience. Earlier She Worked with Jagran Media Patna Office and Now Working with GulfHindi.com