बिहार के गोपालगंज जिले में वर्षों से बंद पड़ी Sasamusa Sugar Mill को फिर से चालू करने की उम्मीद अब और मजबूत हो गई है। गुरुवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में कर्नाटक की कंपनी Nirani Sugars Limited ने इस मिल को चलाने में गहरी रुचि दिखाई है। सरकार ने भी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मिल से जुड़ी सभी तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों को जल्द से जल्द दूर किया जाए ताकि इसे तय समय के भीतर शुरू किया जा सके।

👉: Bihar Police News: गया और भागलपुर समेत 11 जिलों में ग्रामीण SP को मिली नई ताकत, अब इन थानों का जिम्मा इनके पास

बैठक में क्या फैसला हुआ?

मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस समीक्षा बैठक में गन्ना उद्योग और ऊर्जा विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि मिल को शुरू करने में आ रही बिजली या मशीनरी से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। बैठक में मौजूद Nirani Sugars के एमडी विशाल निरानी ने मिल के रिवाइवल के लिए सकारात्मक संकेत दिए हैं। बता दें कि यह वही ग्रुप है जो सीतामढ़ी की रीगा शुगर मिल को पहले ही सफलतापूर्वक दोबारा शुरू कर चुका है।

किसानों और रोजगार पर क्या होगा असर?

गोपालगंज और सारण इलाके के हजारों गन्ना किसानों को अभी अपनी फसल बेचने के लिए सिधवलिया या हरखुआ जैसी दूर की मिलों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे उनका ढुलाई खर्च बढ़ जाता है। सासामूसा मिल खुलने से किसानों को सीधा फायदा होगा। इसके अलावा, सरकार का मानना है कि स्थानीय स्तर पर उद्योग शुरू होने से खाड़ी देशों (Gulf) की ओर होने वाले पलायन में कमी आएगी। मिल फिर से शुरू होने पर ट्रांसपोर्ट और मशीनरी जैसे छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा।

गन्ना मूल्य (2025-26) की जानकारी:

  • सुपर ग्रेड: ₹380 प्रति क्विंटल
  • सामान्य ग्रेड: ₹360 प्रति क्विंटल
  • लो ग्रेड: ₹330 प्रति क्विंटल
Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.