स्मार्ट होम डिवाइसेज हमारी जिंदगी को आसान बनाते हैं, लेकिन कई बार ये आपकी प्राइवेसी के लिए खतरा भी बन सकते हैं. हाल ही में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है जहां एक यूजर ने अपने घर के रोबोट वैक्यूम को PlayStation कंट्रोलर से चलाने की कोशिश की. इस दौरान एक बड़ी तकनीकी खामी पकड़ में आई, जिससे दुनिया भर के हजारों घरों के अंदर का वीडियो और नक्शा लीक हो गया. यह मामला DJI Romo रोबोट वैक्यूम से जुड़ा है, जिसकी कीमत करीब 2,000 डॉलर यानी लगभग 1.6 लाख रुपये है.
कैसे सामने आई यह सुरक्षा खामी?
इस कमी का पता Sammy Adoufal नाम के एक टेक एक्सपर्ट ने लगाया. वो अपने वैक्यूम क्लीनर के साथ कुछ प्रयोग कर रहे थे और उसे PS5 कंट्रोलर से कनेक्ट करना चाह रहे थे. इसी दौरान उन्हें सिस्टम में एक रास्ता मिल गया जिससे वो न सिर्फ अपना, बल्कि दुनिया भर के 6,700 से ज्यादा दूसरे डिवाइसेज का डेटा देख पा रहे थे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, DJI के सर्वर में ‘एक्सेस कंट्रोल’ की कमी थी. इस वजह से यूजर को अमेरिका, चीन और यूरोप सहित 24 देशों के वैक्यूम क्लीनर से आ रहे सिग्नल दिखने लगे. इसमें सबसे डराने वाली बात यह थी कि इसके लिए किसी हैकिंग की जरूरत नहीं पड़ी, बल्कि सिस्टम की कमजोरी ने खुद ही यह डेटा सामने रख दिया.
क्या-क्या जानकारी हुई लीक और कंपनी का जवाब
इस चूक के कारण लोगों के बेहद निजी डेटा तक पहुंच बन गई थी. इसमें लाइव वीडियो फीड, घर के अंदर की आवाजें (माइक्रोफोन से), कमरों के फ्लोर प्लान और सफाई के रास्ते शामिल थे. Sammy Adoufal ने बताया कि एक वैक्यूम क्लीनर में माइक्रोफोन का होना और उसका इतना असुरक्षित होना बहुत अजीब है. उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी कंपनी को दी ताकि इसे ठीक किया जा सके.
DJI ने इस मामले पर अपनी सफाई दी है. कंपनी ने पुष्टि की है कि उनके सर्वर में समस्या थी, जिसे फरवरी की शुरुआत में ही अपडेट भेजकर ठीक कर दिया गया है. कंपनी का कहना है कि यह खबर सार्वजनिक होने से पहले ही उन्होंने सुरक्षा पैच जारी कर दिए थे. हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि स्मार्ट डिवाइसेज इस्तेमाल करते समय लोगों को कैमरों और माइक को लेकर हमेशा सतर्क रहना चाहिए.
