ओमान की खाड़ी में भारत की तरफ जा रहे एक मालवाहक जहाज पर संदिग्ध ड्रोन हमला हुआ है। यह जहाज कतर के रस लफ्फन से भारत के दहेज जा रहा था। हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और काफी धुआं निकला, लेकिन राहत की बात यह है कि जहाज पर मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक, 7 जुलाई को LNGC AL REKAYYAT नाम का यह जहाज अरब सागर से गुजर रहा था, तभी हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान की खाड़ी में उस पर हमला हुआ। इस हमले की वजह से जहाज के इंजन रूम में आग लग गई थी जिससे भारी धुआं उठा। हालांकि, इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है और समुद्र में कोई प्रदूषण भी नहीं फैला है।
जहाज पर कुल 29 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 4 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। सूत्रों ने पुष्टि की है कि हमले के बाद सभी क्रू मेंबर्स बिल्कुल ठीक हैं। RPSL ने इस घटना की जानकारी DGCOMM को दी और फिलहाल जहाज अपनी मंजिल भारत की ओर बढ़ रहा है।
समुद्री सुरक्षा को लेकर भारत सरकार ने कई बार इस बात पर जोर दिया है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर व्यापार और जहाजों का आना-जाना बिना किसी रोक-टोक के होना चाहिए। भारत सरकार अंतरराष्ट्रीय कानूनों के मुताबिक शिपिंग लाइनों की सुरक्षा की वकालत करती रही है।
