दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) जुलाई 2026 में आने वाली भारी भीड़ के लिए पूरी तरह तैयार है। इस दौरान करीब 30 लाख यात्रियों के आने की उम्मीद है, जिससे एयरपोर्ट पर काफी हलचल रहेगी। यात्रियों के सफर को आसान बनाने के लिए एयरपोर्ट ने अपनी खास तैयारियों और नई तकनीक का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
जुलाई के पहले पखवाड़े में यात्रियों की संख्या बहुत ज़्यादा रहेगी। 12 जुलाई को सबसे ज़्यादा भीड़ होने की उम्मीद है, जब एक दिन में 2.25 लाख से ज़्यादा लोग सफर करेंगे। पीक समय के दौरान हर दिन औसतन 2.65 लाख यात्री एयरपोर्ट से गुजरेंगे। इसे संभालने के लिए दुबई एयरपोर्ट्स ने अपने पार्टनर्स के साथ मिलकर समर रेडीनेस प्लान लागू किया है।
स्मार्ट गेट और AI से कम हुआ समय
एयरपोर्ट ने यात्रियों की सुविधा के लिए AI आधारित ‘स्मार्ट ट्रैवल इकोसिस्टम’ लागू किया है। 2026 की पहली छमाही में 94 लाख यात्रियों ने इसका इस्तेमाल किया, जिनमें से 90 लाख से ज़्यादा लोगों ने स्मार्ट गेट के जरिए इमिग्रेशन पूरा किया। इसमें ‘ट्रैवल विदाउट बॉर्डर्स – रेड कार्पेट’ सर्विस की वजह से इमिग्रेशन में लगने वाला समय 12.5 सेकंड से घटकर सिर्फ 3.4 सेकंड रह गया है। यह बायोमेट्रिक सिस्टम एक साथ 10 यात्रियों को बिना किसी कागज़ या अधिकारी की मदद के प्रोसेस कर सकता है। अब 12 साल से बड़े बच्चे भी स्मार्ट गेट का इस्तेमाल कर सकेंगे।
सिक्योरिटी चेक अब हुआ आसान
सुरक्षा जांच को अब पहले से आसान बना दिया गया है। नए AI सिक्योरिटी स्कैनर्स की वजह से अब यात्रियों को अपने बैग से लैपटॉप या लिक्विड निकालने की ज़रूरत नहीं होगी। साल 2026 में 100 से ज़्यादा हैंड-लगेज मशीनों को अपग्रेड किया जा रहा है, जिनमें से कई काम करना शुरू कर चुकी हैं। दुबई एयरपोर्ट्स के चीफ एग्जीक्यूटिव पॉल ग्रिफ़िथ्स ने बताया कि इस तकनीक से यात्रियों को जूते उतारने या सामान खोलने की परेशानी नहीं होगी और सुरक्षा भी पहले से बेहतर होगी।
यात्रियों के लिए ज़रूरी सलाह
सफर करने वाले लोगों, खासकर प्रवासियों और बार-बार यात्रा करने वालों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फ्लाइट से 3 घंटे पहले ही एयरपोर्ट पहुंचें। समय बचाने के लिए ऑनलाइन चेक-इन, सेल्फ-सर्विस कियोस्क और बैग ड्रॉप सुविधाओं का उपयोग करें, जो टर्मिनल 3 पर उपलब्ध हैं। साथ ही, सुविधा के लिए घर से ही चेक-इन और सामान भेजने के लिए DUBZ सर्विस का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
