दुबई एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दुबई एयरपोर्ट्स ने एक नया ऑनलाइन टूल Smart Gates PreCheck लॉन्च किया है, जिसकी मदद से यात्री एयरपोर्ट पहुंचने से पहले ही यह जान सकेंगे कि वे स्मार्ट गेट का इस्तेमाल कर सकते हैं या नहीं। इस सुविधा का उद्देश्य एयरपोर्ट पर पासपोर्ट कंट्रोल के दौरान होने वाली भीड़ को कम करना और यात्रियों के सफर को और भी आसान बनाना है।
स्मार्ट गेट सुविधा का लाभ कैसे उठाएं
यह टूल General Directorate of Residency and Foreigners Affairs (GDRFA) दुबई के सहयोग से तैयार किया गया है। यात्री dxb.pocketflights.com पर जाकर या एयरपोर्ट के अराइवल और डिपार्चर एरिया में लगे QR codes को स्कैन करके अपनी पात्रता की जांच कर सकते हैं। इसके लिए बस आपको अपने पासपोर्ट का फोटो पेज स्कैन करना होगा।
यह सुविधा यूएई के नागरिकों, रेजिडेंट्स, जीसीसी नागरिकों, वीजा-ऑन-अराइवल पाने वाले लोगों, शेंगेन क्षेत्र के यात्रियों और बायोमेट्रिक पासपोर्ट वाले पर्यटकों के लिए उपलब्ध है। दुबई एयरपोर्ट्स के चीफ एग्जीक्यूटिव Paul Griffiths ने बताया कि इस आधुनिक तकनीक का मकसद सुरक्षा प्रक्रिया को और अधिक सटीक और सरल बनाना है। एयरपोर्ट का दावा है कि यह सिस्टम यात्रियों को लगभग 3.4 सेकंड में प्रोसेस कर सकता है। साल 2026 की पहली छमाही में ही 90 लाख से ज्यादा यात्रियों ने स्मार्ट गेट का इस्तेमाल किया है।
किन लोगों को रखना होगा ध्यान
जिन परिवारों के साथ छोटे बच्चे हैं, जिनके पास बड़े स्ट्रोलर हैं या जिनकी ऊंचाई 1.2 मीटर से कम है, उन्हें स्मार्ट गेट के बजाय स्टाफ द्वारा संचालित काउंटरों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। जिन यात्रियों ने हाल ही में दुबई के जरिए यूएई में प्रवेश किया है, वे कुछ मामलों में ऑटोमैटिक रूप से रजिस्टर्ड हो सकते हैं। अन्य यात्री GDRFA की वेबसाइट पर जाकर अपनी रजिस्ट्रेशन स्थिति की जांच कर सकते हैं।
