दुबई में बिजनेस करना और निवेश करना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है। इसके लिए दुबई फ्री ज़ोन काउंसिल की एक अहम बैठक हुई जिसमें निवेशकों को लुभाने के लिए कई बड़े बदलावों पर चर्चा की गई। इस बैठक की अध्यक्षता शेख अहमद बिन सईद अल मकतूम ने की ताकि दुबई को दुनिया का सबसे पसंदीदा इन्वेस्टमेंट हब बनाया जा सके।
बैठक में विदेशी निवेशकों के लिए एक नया ढांचा तैयार करने पर बात हुई। अब यूएई से बाहर के निवेशकों के लिए कागजी कार्रवाई कम होगी और मंजूरी मिलने की प्रक्रिया तेज होगी। इसमें रिस्क के हिसाब से कैटेगरी बनाई जाएगी ताकि बिजनेस शुरू करने और उसे चलाने में किसी तरह की रुकावट न आए।
सरकार एक ‘दुबई इन्वेस्टर रजिस्टर’ शुरू करने की योजना बना रही है। इससे निवेशकों को एक ही आर्थिक पहचान मिलेगी। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि निवेशकों को अलग-अलग सरकारी दफ्तरों में बार-बार रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे आसानी से एक फ्री ज़ोन से दूसरे फ्री ज़ोन में अपना बिजनेस फैला सकेंगे।
लाइसेंस और बिजनेस से जुड़ी कानूनी जानकारियों को अब सिर्फ सरकार द्वारा मंजूर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ही पब्लिश किया जाएगा। इससे कंपनियों पर काम का बोझ कम होगा और सरकारी कामकाज में तेजी आएगी।
बैठक में यह बात भी सामने आई कि निवेशकों के पूरे अनुभव को बदला जाएगा। अब सिस्टम को पूरी तरह डिजिटल और स्मार्ट बनाया जाएगा ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और प्रशासनिक समय की बचत हो। साथ ही वैश्विक बदलावों के बीच दुबई की अर्थव्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नई नीतियां अपनाई जाएंगी।
