संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के पुरातत्वविदों ने एक प्राचीन शहर की खोज की है, जो दुबई से करीब 42 मील उत्तर-पूर्व में स्थित अल सिन्नियाह द्वीप पर पाया गया है। इस नई खोज ने इस इलाके के शुरुआती इतिहास के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की है। इस जगह को ‘मोतियों का शहर’ कहा जा रहा है।

चौथी शताब्दी के अवशेष मिले

पुरातत्वविदों ने अल सिन्नियाह द्वीप पर चौथी शताब्दी के दौर की चीजें बरामद की हैं। इस स्थान से कई बड़े जार मिले हैं, जिन्हें मेसोपोटामिया से आयात किया गया था। यह अवशेष कम से कम 1600 साल पुराने हैं। इसके अलावा, दो जगहों पर आरामी शिलालेख भी मिले हैं, जिन्हें पहली से चौथी शताब्दी के बीच का बताया जा रहा है। पुरातत्वविदों का मानना है कि अल सिन्नियाह द्वीप पर मिले खंडहर तवाम के खोए हुए शहर हो सकते हैं।

क्यों कहा जा रहा ‘मोतियों का शहर’?

अल सिन्नियाह द्वीप पर मिले अवशेषों के आधार पर वैज्ञानिक इसे ‘पर्लिंग सिटी’ कह रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, ‘पर्लिंग’ का मतलब समुद्र में गोता लगाकर मोती और अन्य समुद्री जीवों को खोजने की प्रथा से है। यह हजारों वर्षों से यहां की संस्कृति का प्रतीक रहा है। माना जाता है कि इस प्राचीन शहर के लोग समुद्र पर निर्भर रहे होंगे, इसलिए इसे ‘पर्लिंग सिटी’ कहा जा रहा है।

चार साल से चल रही खुदाई

प्राचीन शहर की खुदाई के बाद जो चित्र सामने आए हैं, उनमें तटरेखा के पास स्थित पत्थर की दीवारों की श्रृंखला दिख रही है। ऊपर से देखने पर लगता है कि यहां कई आयताकार कमरे बने हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि द्वीप पर पिछले चार साल से खुदाई चल रही है और अभी तक कई अहम जानकारी सामने आई है। आगे भी खुदाई और रिसर्च का काम जारी रहेगा।

बिहार से हूँ। बिहार होने पर गर्व हैं। फर्जी ख़बरों की क्लास लगाता हूँ। प्रवासियों को दोस्त हूँ। भारत मेरा सबकुछ हैं। Instagram पर @nyabihar तथा lov@gulfhindi.com पर संपर्क कर सकते हैं।