Dubai में पुलिस की सख्त कार्रवाई, ट्रैफिक जुर्माना न चुकाने पर 497 गाड़ियां जब्त.

दुबई पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए इस साल के शुरुआती छह महीनों में 497 वाहनों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक इन गाड़ियों पर लंबे समय से भारी ट्रैफिक जुर्माना बकाया था और कई वाहनों का रजिस्ट्रेशन भी एक्सपायर हो चुका था। कुछ मामलों में तो चालान की राशि हजारों दिरहम तक पहुंच चुकी थी, जिसे वाहन मालिकों ने जमा नहीं किया था।
स्मार्ट तकनीक से हो रही है निगरानी
जनरल डिपार्टमेंट ऑफ ट्रैफिक के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने जानकारी दी कि जांच अभियानों के दौरान यह बात सामने आई कि कई लोगों ने अपनी गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन कई सालों से नहीं कराया है। दुबई पुलिस रोड सेफ्टी को लेकर बहुत सख्त है और सड़कों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीमों के साथ-साथ स्मार्ट तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। पुलिस उन गाड़ियों को लगातार ट्रैक कर रही है जो 'वांटेड' लिस्ट में शामिल हैं। कार्रवाई करने से पहले वाहन मालिकों को फोन कॉल, एसएमएस और ईमेल के जरिए बकाया जुर्माना भरने की चेतावनी भी दी जाती है, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।
कानून और जुर्माने के कड़े नियम
दुबई में लागू कानूनों के अनुसार यदि किसी वाहन पर बकाया ट्रैफिक जुर्माना AED 6,000 से ज्यादा हो जाता है, तो पुलिस को गाड़ी जब्त करने का पूरा अधिकार है। इसके अलावा एक्सपायरी रजिस्ट्रेशन के साथ गाड़ी चलाना कानूनन जुर्म है। हालांकि सरकार वाहन मालिकों को रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण के लिए 30 दिन का ग्रेस पीरियड देती है, लेकिन इस दौरान भी गाड़ी चलाना नियम के खिलाफ माना जाता है। ग्रेस पीरियड खत्म होने के बाद हर महीने AED 25 की लेट फीस लगती है। यदि कोई ड्राइवर एक्सपायरी रजिस्ट्रेशन के साथ पकड़ा जाता है, तो उसे AED 500 का जुर्माना, 4 ब्लैक पॉइंट्स और गाड़ी को अनिवार्य रूप से 7 दिनों के लिए जब्त किया जाता है। इसके अलावा जिन गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन तीन महीने से ज्यादा समय से एक्सपायरी है, वे खड़ी होने पर भी सात दिनों के लिए जब्त कर ली जाती हैं।
गाड़ी छुड़ाने की प्रक्रिया और अपील
ब्रिगेडियर सुवैदान ने सभी मोटर चालकों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपने ट्रैफिक रिकॉर्ड की जांच करते रहें और समय पर अपने बकाया पैसे जमा करें। यदि किसी की गाड़ी जब्त हो जाती है, तो उसे छुड़ाने के लिए मालिक को सारा जुर्माना भरना होगा, वैध बीमा के साथ गाड़ी का दोबारा रजिस्ट्रेशन कराना होगा और एक औपचारिक जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। दुबई पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि शहर की सड़कों पर चलने वाली हर गाड़ी पूरी तरह सुरक्षित और नियमों के दायरे में हो।