गर्मियों की छुट्टियों में लोग अक्सर सस्ते ट्रैवल पैकेज और होटल बुकिंग की तलाश करते हैं। इसी मौके का फायदा उठाकर जालसाज लोगों को ठग रहे हैं। दुबई पुलिस ने “Be Aware of Fraud” कैंपेन के तहत आम जनता और प्रवासियों को इन फर्जी ऑफर्स से सावधान रहने की चेतावनी दी है।

दुबई पुलिस के जनरल डिपार्टमेंट ऑफ क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन के एंटी-फ्रॉड सेंटर ने बताया कि स्कैमर्स फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट बना रहे हैं। ये लोग असली ट्रैवल एजेंसियों के लोगो और विज्ञापनों की नकल करते हैं ताकि आम लोग उन पर भरोसा कर लें और अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठें।

ठगी का तरीका

जालसाज बाजार से बहुत कम कीमत पर हवाई टिकट, होटल और हॉलिडे पैकेज का लालच देते हैं। वे लोगों पर यह दबाव डालते हैं कि ऑफर बहुत सीमित समय के लिए है और उन्हें तुरंत पेमेंट करना होगा। अक्सर लोग जल्दीबाजी में पैसे किसी व्यक्तिगत बैंक खाते या अनजान लिंक के जरिए ट्रांसफर कर देते हैं, जिसके बाद उन्हें पता चलता है कि उनकी बुकिंग फर्जी थी।

बचाव के लिए जरूरी बातें

  • सिर्फ लाइसेंस वाले ट्रैवल एजेंट या भरोसेमंद आधिकारिक बुकिंग प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें।
  • किसी भी लिंक पर क्लिक करने या पेमेंट करने से पहले वेबसाइट के नाम और स्पेलिंग की अच्छी तरह जांच कर लें।
  • अपने बैंक कार्ड की डिटेल, पासवर्ड या सिक्योरिटी कोड किसी भी अनजान व्यक्ति को न दें।
  • किसी भी अनजान व्यक्ति के पर्सनल बैंक अकाउंट में पैसे भेजने से बचें।

दुबई पुलिस ने सलाह दी है कि अगर किसी को ऐसे किसी फ्रॉड का शक होता है, तो वह तुरंत “e-Crime” प्लेटफॉर्म पर इसकी शिकायत दर्ज करे। इसके अलावा, गैर-आपातकालीन मामलों के लिए 901 नंबर पर कॉल किया जा सकता है।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.