दुबई पुलिस ने शहर में रहने वाले लोगों को एक जरूरी चेतावनी जारी की है। पुलिस ने कहा है कि बिना जांच-परख के किसी भी ऐप को डाउनलोड न करें। ऐसे ऐप्स के जरिए ठग आपके फोन का पूरा कंट्रोल ले सकते हैं और आपकी निजी जानकारी के साथ-साथ बैंक खाते से पैसे उड़ा सकते हैं।
📰: UAE में पासपोर्ट नियमों में हुआ बड़ा बदलाव, दूतावास ने सीधे हाथ में लिया काम, फीस भी बढ़ी।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि कुछ ठग सरकारी अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। ये लोग खुद को ‘Dubai Crisis Management’ या पुलिस विभाग का हिस्सा बताकर लोगों को झांसे में लेते हैं। इनका मकसद लोगों की UAE Pass डिटेल्स और Emirates ID जैसी जरूरी जानकारियां चुराना होता है।
पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह की जानकारी शेयर करने से ठग आपका SIM swap कर सकते हैं और आपके बैंक अकाउंट तक पहुंच सकते हैं। Dubai Police ने यह भी बताया कि वे कभी भी फोन या मैसेज के जरिए आपसे कोई गोपनीय जानकारी या वेरिफिकेशन कोड नहीं मांगते हैं। अगर आपको कोई संदिग्ध कॉल या मैसेज आए, तो तुरंत 901 पर फोन करें या eCrime प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें।
इसके अलावा, #BewareOfFraud अभियान के तहत पुलिस ने अनजान QR कोड स्कैन करने से भी मना किया है। ऐसे कोड्स आपको फर्जी वेबसाइट पर ले जा सकते हैं या आपके फोन में खतरनाक मालवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं।
UAE Cybersecurity Council ने भी ‘Cyber Pulse’ अभियान के जरिए लोगों को आगाह किया है। उन्होंने बताया कि असली दिखने वाले नकली ऐप्स से जानकारी चोरी, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली का खतरा रहता है। काउंसिल ने सलाह दी है कि समय-समय पर अपने फोन की सफाई करें, बेकार ऐप्स को डिलीट करें और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को अपडेट रखें, क्योंकि पुराने ऐप्स साइबर अटैक का रास्ता खोल सकते हैं।
