Etihad Airways ने आबू धाबी आने और जाने वाली अपनी सभी कमर्शियल उड़ानों के निलंबन को 4 मार्च 2026 की दोपहर 2 बजे तक के लिए बढ़ा दिया है। क्षेत्रीय हवाई क्षेत्र में चल रही बाधाओं और सुरक्षा कारणों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस फैसले से खाड़ी देशों में रहने वाले हजारों भारतीय और अन्य प्रवासी यात्रियों पर सीधा असर पड़ा है जो इस समय अपने घर जाने या वापस आने की तैयारी में थे।

यात्रियों को क्या करना होगा?

एयरलाइन ने यात्रियों को सख्त सलाह दी है कि जब तक एयरलाइन उनसे सीधे संपर्क न करे, वे एयरपोर्ट की तरफ न जाएं। अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जानने के लिए etihad.com पर जाकर जानकारी लेनी चाहिए। यात्रियों को अपनी बुकिंग में अपना फोन नंबर और ईमेल अपडेट रखने के लिए कहा गया है ताकि कंपनी उन्हें जरूरी जानकारी दे सके।

क्षेत्रीय तनाव के कारण हवाई मार्ग प्रभावित हुए हैं जिससे न केवल उड़ानों में देरी हो रही है बल्कि कई उड़ानें रद्द भी करनी पड़ी हैं। सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हुए एयरलाइन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जो भारतीय यात्री आबू धाबी को ट्रांजिट हब के तौर पर इस्तेमाल करते हैं, उन्हें अपनी यात्रा की योजना फिर से देखनी होगी।

टिकट रिफंड और रीबुकिंग के क्या हैं नियम?

  • जिन यात्रियों के टिकट 28 फरवरी 2026 को या उससे पहले जारी हुए थे, वे अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं।
  • 7 मार्च 2026 तक की यात्रा वाले यात्री 18 मार्च तक के लिए मुफ्त में दोबारा बुकिंग करा सकते हैं।
  • कैंसिल हुई उड़ानों के लिए पूरे रिफंड का विकल्प भी दिया गया है।
  • रिफंड के लिए एतिहाद की वेबसाइट पर मौजूद ऑनलाइन फॉर्म या अपने ट्रैवल एजेंट से संपर्क किया जा सकता है।
  • एयरलाइन ने सूचित किया है कि इस समय कॉल सेंटर पर बहुत अधिक भार है इसलिए रिस्पांस में थोड़ा समय लग सकता है।
Sushma Kumari

Shushma covers Stories Around Expats and Helpful Contents Related to Daily life of Public. She completed Mass Communication Degree From Makhan lal Chaturvedi College Bhopal and Has 3 years of Field Experience. Earlier She Worked with Jagran Media Patna Office and Now Working with GulfHindi.com