दुबई से लखनऊ आ रही Fly Dubai की फ्लाइट में हवा में पक्षी टकरा गया, जिसकी वजह से पायलट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। यह घटना शनिवार सुबह चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई। विमान में सवार सभी 163 यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं।

फ्लाइट FD-443 का लखनऊ पहुँचने का समय सुबह 6:35 था, लेकिन बर्ड स्ट्राइक के बाद इसे सुबह 7:13 बजे सुरक्षित तरीके से लैंड कराया गया। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी और सुरक्षित लैंडिंग का फैसला लिया। अधिकारियों की फुर्ती और पायलट की सावधानी की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।

हादसे के बाद विमान को रनवे से हटाकर पार्किंग बे में खड़ा कर दिया गया है। यहाँ इंजीनियरों की टीम प्लेन की पूरी तकनीकी जाँच कर रही है। Fly Dubai के अधिकारियों ने बताया कि जब तक इंजीनियर विमान को पूरी तरह फिट नहीं बताते और सर्टिफिकेट नहीं देते, तब तक इसे दोबारा उड़ान के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

इस घटना की वजह से लखनऊ से दुबई जाने वाली वापसी फ्लाइट FD-444 को आगे के लिए टाल दिया गया है। कुछ यात्रियों ने अपने टिकट कैंसिल करा लिए हैं, जबकि कुछ लोग फ्लाइट शुरू होने की जानकारी का इंतज़ार कर रहे हैं।

Sushma Kumari

Shushma covers Stories Around Expats and Helpful Contents Related to Daily life of Public. She completed Mass Communication Degree From Makhan lal Chaturvedi College Bhopal and Has 3 years of Field Experience. Earlier She Worked with Jagran Media Patna Office and Now Working with GulfHindi.com