22 सितंबर की आधी रात से GST 2.0 लागू हो गया है। 3 सितंबर को हुई 56वीं GST काउंसिल की बैठक में 375 से अधिक रोजर्मरा की जिदंगी में उपयोग की जाने वाली वस्तुओं की दरें कम करने के बाद कई कंपनियों ने पहले ही अपने दाम घटा दिए थे। अब 22 सितंबर से यह छूट और कंपनियों तक पहुंचना शुरू हो गई है।

सरकार की ओर से कंपनियों से कहा गया है कि GST की छूट का पूरा लाभ ग्राहकों तक पहुंचाना चाहिए। वित्त मंत्रालय हर महीने प्रोडेक्ट की कीमतों पर नजर रखेगा। इससे कंपनियों के पास छूट न देने का ज्यादा विकल्प नहीं बचा है। छोटे व्यवसाय और ऑटो डीलर कुछ ट्रांजिशनल मुद्दों की वजह से परेशान हैं, लेकिन शुरूआती संकेत दिखाते हैं कि छूट ग्राहकों तक जा रही है।

बीते कुछ दिनों में कंपनियों ने प्रचार किया कि GST घटने के बाद उनके उत्पाद कितने सस्ते होंगे। खासकर FMCG यानी रोजमर्रा की खाने-पीने और जरूरी चीजों की कीमतें कम हुई हैं।

उदाहरण के लिए, अमूल और मदर डेयरी ने 200 ग्राम पनीर का दाम 3% कम कर 92 रुपये कर दिया है। UHT दूध 75-80 रुपये प्रति लीटर हो गया है। अमूल बटर खाकरा 95 रुपये और चीज़ अनियन पराठा 200 रुपये में मिल रहा है। इसी तरह, बटर और चीज़ स्लाइस 6% सस्ते हो गए हैं। केचप, घी, अचार और जैम 4-8% सस्ते हुए हैं। प्रिंगल्स चिप्स के 107 ग्राम पैक की कीमत 12% कम हो गई है।

कैलॉग्स के कॉर्नफ्लेक्स और सनफीस्ट मैरी लाइट बिस्कुट भी 11-12% सस्ते हुए हैं। आइसक्रीम में भी 5% GST लागू होने के बाद काफी छूट मिली है। घरेलू चीजों जैसे शैम्पू, साबुन, हेर ऑयल, टूथपेस्ट पर भी GST 18% से घटाकर 5% कर दिया गया है। इससे L’Oréal, Himalaya, Close-Up और Dove जैसी कंपनियों ने 11-13% तक की छूट दी है। इसके अलावा सीमेंट और निर्माण से जुड़े सामान भी करीब 10% सस्ते हो गए हैं। JK Cement और UltraTech जैसे निर्माता GST कम होने के बाद कीमतें घटा रहे हैं।

बीमा कंपनियों ने भी 18% से GST हटने के बाद स्वास्थ्य और जीवन बीमा पॉलिसियों में करीब 15% तक छूट देने की घोषणा की है। घरेलू उपकरणों में भी छूट है। उदाहरण के लिए, Whirlpool के 1 टन एयर कंडीशनर की कीमत 4,500-5,200 रुपये तक कम हो गई है। डिशवॉशर भी 3,200-4,300 रुपये सस्ते हो गए हैं।

कारों में भी GST घटने के बाद बड़ी छूट मिली है। Maruti Suzuki ने पूरी छूट ग्राहकों तक पहुँचाने की घोषणा की है। छोटे कार और मिनी SUV में 46,400 रुपये से 1.29 लाख रुपये तक की कटौती हुई है। छोटे कार अब 18% GST पर हैं, जबकि बड़ी कारों का टैक्स 40% है।

हालांकि, कुछ डीलर परेशानी में हैं क्योंकि उन्होंने पुराने GST रेट पर कारें मंगाई थीं। 3 से 22 सितंबर के बीच ये कारें महंगी दिखती थीं और ग्राहक नहीं खरीद रहे थे। इसलिए उन्हें बड़े डिस्काउंट के साथ बेचना पड़ा। अनुमान है कि इससे डीलरों को 2,500 करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है।