UAE में रहने वाले लोग जो 2026 में हज पर जाने की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए Emirates Health Services (EHS) ने जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने साफ कहा है कि सभी यात्रियों को अपनी यात्रा शुरू करने से कम से कम 10 दिन पहले जरूरी टीके लगवा लेने चाहिए। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि शरीर में एंटीबॉडीज बन सकें और भीड़भाड़ वाली जगहों पर बीमारी का खतरा कम हो सके।

कौन से टीके लगवाना जरूरी है?

EHS के अनुसार, सभी हाजियों के लिए Meningococcal और Seasonal Influenza के टीके लगवाना अनिवार्य है। इसके अलावा, जिन क्षेत्रों में पोलियो फैला हुआ है, वहां से आने वाले यात्रियों को पोलियो का टीका लगवाना होगा। वहीं, जिन देशों में येलो फीवर पाया जाता है, वहां से आने वाले 9 महीने से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए येलो फीवर का टीका जरूरी किया गया है।

किसे और कौन से टीके लगवाने की सलाह दी गई है?

65 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों और पुरानी बीमारी से जूझ रहे मरीजों को Pneumococcal टीका लगवाने की सलाह दी गई है। COVID-19 का टीका वैकल्पिक है लेकिन इसे लगवाना बेहतर माना गया है। इसके अलावा, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से एक महीना पहले डॉक्टर से चेकअप जरूर करवा लें ताकि सेहत की स्थिति साफ हो सके और किसी भी रिस्क से बचा जा सके।

किन लोगों को हज पर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी?

स्वास्थ्य नियमों के मुताबिक, कुछ गंभीर बीमारियों वाले लोगों को हज पर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। इसमें ऑर्गन फेलियर, गंभीर डिमेंशिया, सक्रिय संक्रामक रोग जैसे टीबी या कैंसर के मरीज जो कीमोथेरेपी ले रहे हैं, शामिल हैं। साथ ही, गर्भावस्था के आखिरी तीन महीनों वाली महिलाओं और उन लोगों को भी हज वीजा मिलने में दिक्कत हो सकती है जो पूरी तरह से व्हीलचेयर या दूसरों की मदद पर निर्भर हैं।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.