दुबई में भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। केरल के रहने वाले 39 वर्षीय फवाज चंबनतागाथ हाउस (Favaz Chambantagath House) का रविवार शाम को अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। यह घटना तब हुई जब वह सोमवार सुबह 3 बजे की फ्लाइट पकड़ने के लिए अपना बैग पैक कर रहे थे। फवाज रमजान और ईद अपने परिवार के साथ मनाने के लिए घर जा रहे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उनकी फ्लाइट के समय से लगभग 24 घंटे बाद, उनके पार्थिव शरीर को उसी रूट पर कार्गो के जरिए वापस भारत भेजा गया।

बैग पैक करते वक्त बिगड़ी तबीयत

फवाज के रिश्तेदारों और दोस्तों के अनुसार, उन्होंने शाम को इफ्तार खत्म किया और घर जाने की खुशी में अपनी पैकिंग शुरू की। इसी दौरान उन्हें अचानक बेचैनी महसूस होने लगी और बहुत पसीना आने लगा। देखते ही देखते वह बेहोश हो गए। वहां मौजूद दोस्तों ने तुरंत एम्बुलेंस को कॉल किया और पैरामेडिक्स के आने तक उन्हें सीपीआर (CPR) देने की कोशिश की। दुबई कॉरपोरेशन फॉर एम्बुलेंस सर्विसेज की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दुर्भाग्यवश उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने मौत का कारण ‘सडन कार्डियक अरेस्ट’ (Sudden Cardiac Arrest) बताया है।

वीज़ा स्टेटस और परिवार का हाल

फवाज फिलहाल विजिट वीज़ा पर दुबई में थे। वह पहले एक सुपरमार्केट चेन में काम करते थे और हाल ही में उन्होंने नई नौकरी हासिल की थी, जिसके एम्प्लॉयमेंट वीज़ा का वह इंतज़ार कर रहे थे। इस बीच, उनकी मां की तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने घर जाने का फैसला किया था। केरल में उनके माता-पिता, पत्नी और चार साल का बेटा उनके आने का इंतज़ार कर रहे थे। फवाज 1 फरवरी को ही 39 साल के हुए थे और उन्हें कोई पुरानी बीमारी नहीं थी। कानूनी कार्यवाही पूरी होने के बाद उनके शव को मंगलवार तड़के 1:50 बजे की फ्लाइट से भारत भेज दिया गया है।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.