कतर से भारत आ रहे एक जहाज पर संदिग्ध ड्रोन हमले की खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, यह घटना मंगलवार को उस समय हुई जब जहाज अरब सागर से गुजर रहा था। राहत की बात यह है कि इस हमले में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है और न ही किसी प्रकार के पर्यावरणीय नुकसान की खबर सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, LNGC AL REKAYYAT नामक यह जहाज कतर के रास लाफान से भारत के दहेज की ओर जा रहा था। इसी दौरान गल्फ ऑफ ओमान में, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास जहाज पर संदिग्ध ड्रोन हमला हुआ। हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई, जिससे भारी धुआं उठने लगा।
सूत्रों ने बताया कि जहाज पर कुल 29 समुद्री कर्मचारी मौजूद हैं, जिनमें से चार भारतीय नागरिक हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। घटना की सूचना DGCOMM को RPSL द्वारा दी गई थी।
एक सूत्र के अनुसार, “7 जुलाई को अरब सागर से गुजरते समय LNGC AL REKAYYAT पर संदिग्ध ड्रोन हमला हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक जहाज को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी के हताहत होने या पर्यावरणीय क्षति की सूचना नहीं है। जहाज कतर के रास लाफान से भारत के दहेज की ओर बढ़ रहा है। घटना का स्थान गल्फ ऑफ ओमान, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास बताया गया है।”
एक अन्य सूत्र ने बताया कि जहाज पर कुल 29 नाविक सवार हैं, जिनमें चार भारतीय हैं। सभी क्रू सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं। हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई, जिसके कारण भारी धुआं फैल गया।
