इजरायल की राजधानी यरुशलम के कटामोन इलाके में एक 40 वर्षीय भारतीय नागरिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्थानीय मीडिया और पुलिस के अनुसार, मृतक का शव एक अपार्टमेंट में फर्श पर खून से लथपथ मिला, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया

यरुशलम के मोरिया पुलिस स्टेशन के प्रमुख युवल रूवेन ने घटना की पुष्टि की और बताया कि मौके पर काफी खून मिला था। फिलहाल मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन पुलिस इसे एक आपराधिक घटना मान रही है। इस मामले में पुलिस ने इलियट शहर के एक 31 वर्षीय व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

इजरायल में भारतीय कामगारों की स्थिति

भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, अक्टूबर 2024 तक इजरायल में लगभग 32,000 भारतीय कामगार मौजूद थे। इनमें से 12,000 लोग अक्टूबर 2023 के बाद वहां पहुंचे। आंकड़ों के मुताबिक, 2023 में हुए द्विपक्षीय समझौते के तहत 2024 में कुल 6,365 भारतीय कामगार इजरायल पहुंचे हैं, जबकि अन्य लोग निजी माध्यमों से वहां गए हैं।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.