अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। दुबई से आई इंडिगो की फ्लाइट में करीब 4.26 करोड़ रुपये का सोना पकड़ा गया। हैरान करने वाली बात यह है कि सोने को विमान के स्पीकर बॉक्स के अंदर बहुत चालाकी से छिपाया गया था।

ℹ️: US-Iran Deal: अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता जल्द, पाकिस्तान ने बताया समय लेकिन ईरान ने किया इनकार

सोना कहाँ और कैसे छिपाया था

कस्टम विभाग ने 12 जून 2026 को इंडिगो की फ्लाइट 6E-1478 की बारीकी से जांच की। इस दौरान विमान के आगे वाले टॉयलेट के स्पीकर पैनल के अंदर दो पाउच मिले। इन पाउच को काले प्लास्टिक टेप से लपेटा गया था। अधिकारियों ने जब इसे खोला तो अंदर विदेशी मूल की 24 सोने की बिस्कुट मिलीं।

पकड़े गए सोने का कुल वजन 2,799.3 ग्राम था और इसकी शुद्धता 999 बताई गई है। इसकी कुल कीमत करीब 4.26 करोड़ रुपये है। इस बरामदगी के लिए एयरक्राफ्ट इंजीनियरों ने कस्टम अधिकारियों की मदद की तब जाकर यह सोना बाहर निकाला जा सका।

कस्टम विभाग को कैसे मिली खबर

अधिकारियों के मुताबिक उन्हें इस फ्लाइट में सोने की तस्करी होने की पुख्ता जानकारी मिली थी। इसी आधार पर एयरलाइन के कर्मचारियों को पहले ही सूचित कर दिया गया था और दुबई से अहमदाबाद आने वाले कुछ खास यात्रियों पर नजर रखी जा रही थी।

कस्टम विभाग ने इस पूरे सोने को कस्टम एक्ट 1962 के तहत लावारिस संपत्ति मानकर जब्त कर लिया है।

तस्करों की क्या थी चाल

अधिकारियों को शक है कि तस्करों ने बहुत सोच-समझकर यह योजना बनाई थी। वे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल फ्लाइट से उतरकर डोमेस्टिक फ्लाइट में ट्रांसफर लेना चाहते थे। ऐसा इसलिए क्योंकि घरेलू उड़ानों की जांच अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की तुलना में कम कड़ी होती है और वे इसी का फायदा उठाना चाहते थे।