गुरुवार को  सूरत से दुबई के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो फ्लाइट को तकनीकी समस्या के कारण अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारा गया। फ्लाइट में 150 यात्री सवार थे।

फ्लाइट ने सूरत हवाई अड्डे से गुरूवार की सुबह लगभग 9:30 बजे उड़ान भरी थी और तकनीकी समस्या के कारण इसे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय (SVPI) हवाई अड्डे पर सुबह 11 बजे सुरक्षित रूप से उतारा गया। इंडिगो ने यात्रियों के लिए दूसरी फ्लाइट का इंतजाम किया।

SVPI हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने कहा, “उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या के कारण सूरत-दुबई इंडिगो फ्लाइट को अहमदाबाद हवाई अड्डे पर डायवर्ट किया गया। यह सुरक्षित रूप से सुबह 11:40 बजे उतरी, जिसमें लगभग 150 यात्री थे। यह कोई इमरजेंसी लैंडिंग नहीं थी।”

बाद में, इंडिगो ने यात्रियों के लिए दूसरी फ्लाइट भेजी। वह फ्लाइट दुबई के लिए लगभग 1:45 बजे उड़ान भर गई। डायवर्ट हुई फ्लाइट का विमान बाद में इंजीनियरों द्वारा जांच किया गया। सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को विमान समुद्र के ऊपर उड़ान भरते समय इंजन में अचानक समस्या आ गई।

जब पायलट ने इंजन में किसी समस्या का अनुभव किया, तो उन्होंने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और विमान को नजदीकी हवाई अड्डे पर डायवर्ट करने की अनुमति मांगी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, पायलट ने अहमदाबाद हवाई अड्डे पर विमान उतारने का निर्णय लिया।