12 जुलाई 2026 को खाड़ी के देशों में उस समय अफरातफरी मच गई जब ईरान की ओर से बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए गए। बहरीन के रक्षा बल ने पुष्टि की है कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान से आए कई मिसाइल और ड्रोन हमलों को सफलतापूर्वक रोक लिया है। बहरीन सरकार ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स और सेना ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली है और दावा किया है कि वे कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे थे।
पूरे खाड़ी क्षेत्र में अलर्ट
ईरान के इन हमलों का असर केवल बहरीन तक सीमित नहीं रहा। यूएई, कतर और कुवैत ने भी जानकारी दी कि उन्होंने अपने बचाव के लिए एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किए हैं। जॉर्डन में भी तीन मिसाइल गिरने की सूचना मिली है, जिससे कुछ नुकसान तो हुआ लेकिन जान-माल का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। सऊदी अरब ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है और इसे क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया है।
हार्मूज जलडमरूमध्य किया बंद
हमले के दौरान बहरीन में सायरन बजने के बाद वहां की सरकार ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि उनके खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी रही, तो और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही, ईरान ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज (Strait of Hormuz) को अगले आदेश तक के लिए बंद करने की घोषणा कर दी है। बहरीन के सैन्य अधिकारी सतर्क हैं और नागरिकों से किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छूने की अपील की गई है।
