ईरान और इजरायल के बीच चल रही जंग का असर हवाई यात्रा पर पड़ा है, जिससे खाड़ी देशों में रहने वाले कई भारतीय प्रभावित हुए हैं। इसी बीच 6 मार्च, 2026 की सुबह संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में फंसे कर्नाटक के 50 लोग सुरक्षित दिल्ली पहुंच गए हैं। इन यात्रियों को दुबई या अबू धाबी के बजाय फुजैराह (Fujairah) के रास्ते दिल्ली लाया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही कर्नाटक सरकार की विशेष टीम ने इनकी मदद की और आगे की यात्रा का जिम्मा उठाया।

दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए क्या सुविधाएं मिलीं?

दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद कर्नाटक सरकार की प्रोटोकॉल टीम और रेजिडेंट कमिश्नर के ऑफिस के अधिकारियों ने यात्रियों का स्वागत किया। राज्य सरकार ने बताया कि यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर ही नाश्ते का प्रबंध किया गया था।

इसके बाद उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट के इंटरनेशनल टर्मिनल से डोमेस्टिक टर्मिनल तक ले जाने के लिए गाड़ियों का इंतजाम किया गया। यहां से ये सभी यात्री अपनी आगे की यात्रा के लिए अलग-अलग फ्लाइट्स के जरिए बेंगलुरु, मंगलुरु और हुब्बल्ली के लिए रवाना होंगे। सरकार ने सुनिश्चित किया है कि घर तक पहुंचने में उन्हें कोई दिक्कत न हो।

जंग के कारण क्यों बदलनी पड़ी फ्लाइट?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान-इजरायल संघर्ष के कारण कई लोग 28 फरवरी से ही वहां फंसे हुए थे। दुबई और अबू धाबी में फ्लाइट्स की भारी दिक्कत और कैंसिलेशन होने के कारण इन्हें फुजैराह एयरपोर्ट से फ्लाइट लेनी पड़ी।

कर्नाटक सरकार ने पहले ही घोषणा की थी कि वह पश्चिम एशिया में फंसे अपने नागरिकों के होटल और यात्रा का खर्च उठाने में मदद करेगी। राज्य के रेवेन्यू मिनिस्टर कृष्णा बायरे गौड़ा ने बताया कि सरकार लगातार विदेश मंत्रालय (MEA) के संपर्क में है और हेल्पलाइन के जरिए वहां फंसे करीब 109 लोगों को ट्रैक कर रही है।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.